वैक्सीनेशन स्कैम: टिप्स इंडस्ट्रीज के 365 लोगों को लगी नकली वैक्सीन, नहीं मिला कोई सर्टिफिकेट
- रमेश तौरानी की कंपनी टिप्स इंडस्ट्रीज के करीब 365 लोगों को लगी वैक्सीन
- वैक्सीनेट हुए लोगों को नहीं मिला सर्टिफिकेट
- फर्जी वैक्सीनेशन स्कीम का शिकार हुए रमेश तौरानी
विस्तार
कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने लोगों को काफी प्रभावित किया है। अब ये लहर धीमी होती दिख रही है, लेकिन अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। ऐसे में वायरस को खत्म करने के लिए हर दिन ज्यादा से ज्यादा लोगों के वैक्सीनेट किया जा रहा है। हालांकि इसी बीच फर्जी वैक्सीनेशन को लेकर भी काफी खबरें आने लगीं हैं। बॉलीवुड इंडस्ट्री के मालिक रमेश तौरानी ने भी हाल ही में चिंता जताई है कि वो भी इस फर्जी वैक्सीनेशन स्कैम के शिकार हुए हैं। बता दें कि मुंबई में धोखाधड़ी से रमेश तौरानी की कंपनी टिप्स इंडस्ट्रीज के करीब 365 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। हैरत की बात है कि किसी को नहीं पता चला कि जो वैक्सीन लगाई गई थी वो कोविशील्ड वैक्सीन थी या मामूली सैलाइन वॉटर।
टिप्स इंडस्ट्रीज के करीब 365 लोगों को लगी वैक्सीन
बॉलीवुड फिल्म प्रोड्यूसर रमेश तौरानी टिप्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मालिक हैं। उन्होंने 30 मई और 3 जून को करीब 365 कर्मचारियों को वैक्सीनेट करवाया था। हालांकि वैक्सीनेशन करवाने वाले किसी भी शख्स को सर्टिफिकेट नहीं मिला है जिसके बाद रमेश तौरानी परेशान हैं कि वो फर्जीवाड़े का शिकार हुए हैं। इस मुद्दे पर अब निर्माता रमेश तौरानी ने भी बयान जारी किया है।
रमेश तौरानी ने कहा, 'हां, हम सभी अभी तक सर्टिफिकेट्स का इंतजार कर रहे हैं। जब मेरे ऑफिस के लोगों ने संजय गुप्ता एसपी इवेंट्स को कॉन्टेक्ट किया है तो उन्होंने कहा कि शनिवार 12 जून तक सभी के सर्टिफिकेट आ जाएंगे, लेकिन अभी तक इस पर कोई जानकारी हासिल नहीं हो पाई है। हमारे 365 कर्मचारी वैक्सीनेट हुए हैं। हर व्यक्ति के लिए डोज को 1200 रुपये प्लस जीएसटी देकर खरीदा गया है।
रमेश आगे कहते हैं कि, 'पैसों से भी ज्यादा हमें सभी को इस बात की चिंता सता रही है कि आखिर हमें दिया क्या गया है? क्या हमें सच में कोविशील्ड लगाई गई है या फिर केवल सैलाइन वॉटर लगाया गया है? हमें कहा गया कि सर्टिफिकेट कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल मुंबई से मुहैया होंगे, लेकिन अभी तक इसके बारे में ना तो कोई पुष्टि हुई है और ना ही कोई जानकारी मिल पाई है। बता दें कि कई दूसरे प्रोडक्शन हाउसों को भी ऐसी ही स्थिति का सामना करने की खबर सामने आ चुकी है।