मिलावट करने वालों पर फूटा ‘धुरंधर’ फेम राकेश बेदी का गुस्सा, कड़ी सजा देने की मांग की; बोले- यह सब बंद कीजिए
Rakesh Bedi Talk About Adulterated Food And Drink Problem: सोशल मीडिया के जरिए ‘धुरंधर’ फेम अभिनेता राकेश बेदी का गुस्सा मिलावट करने वालों पर फूटा है। वह ऐसे लोगों के लिए सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
विस्तार
इन दिनों महाराष्ट्र एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं, यह मामला खूब चर्चा में है। इसी बीच ‘धुरंधर’ फेम अभिनेता ने भी मिलावट करने वाले लोगों को सख्त सजा देने की बात कही है। जानिए, किस तरह की सजा की मांग राकेश बेदी ने मिलावट करने वालों के लिए की है।
राकेश बेदी ने मिलावट को किस तरह का अपराध माना?
अभिनेता राकेश बेदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह पहले तो बताते हैं कि जब शराब में भी मिलावट हो रही है। फिर आगे वह खाने-पीने की चीजों में मिलावट की बात करते हुए कहते हैं, ‘यह सब बंद कीजिए और सो जाइए, मेरा मतलब है, कभी मत सोइए।’
वह आगे कहते हैं, ‘हमारे देश में बहुत सी चीजें नकली हैं। खाने-पीने की कई चीजें नकली हैं। मेरा मानना है कि जो व्यक्ति खाने-पीने की चीजों में मिलावट करता है, उस पर हत्या या हत्या की कोशिश का आरोप लगना चाहिए। क्योंकि वह थोड़े से मुनाफे के लिए बहुत से लोगों की जान लेने की कोशिश कर रहा है। है ना हैरानी की बात? तो जो भी मिलावट करता है, चाहे वह शराब हो या खाने-पीने की कोई और चीज, उस पर कम से कम हत्या की कोशिश का आरोप तो लगना ही चाहिए।’
ये खबर भी पढ़ें: हैदराबाद के जिम में जाकर राकेश बेदी ने बहाया पसीना, 'धुरंधर' के 'पिंडा' के साथ शेयर किया खास वीडियो
राकेश बेदी करियर फ्रंट पर क्या कर रहे हैं?
‘धुरंधर’ के बाद राकेश बेदी की जिंदगी में बहुत बड़ा बदलाव आया है, वह इस सफलता को अभी एंज्वॉय कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने जमकर सराहा था।
अब वह एक रियलिटी शो ‘सबसे बड़ा ड्रामेबाज’ भी जज कर रहे हैं। इसमें उनके साथ इस शो में बतौर जज प्रिंस नरुला और जन्नत जुबैर नजर आ रहे हैं।