'मुझे अच्छा काम दिलाने में मदद कीजिए', वायरल वीडियो को लेकर ट्रोल होने के बाद राहुल रॉय ने दिया रिएक्शन
Rahul Roy Reaction On Video: हाल ही में अभिनेता राहुल रॉय का एक क्रिएटर के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल हो गया है। इस पर यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। अब अभिनेता ने इस पर अपनी बात रखी है।
विस्तार
अभिनेता राहुल रॉय अपनी फिल्म 'आशिकी' (1990) में बेहतरीन अदाकारी के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में एक अंजान क्रिएटर के साथ उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो पर कई यूजर्स ने कमेंट किए और उनसे सवाल पूछे। इस पर राहुल रॉय ने रिएक्शन दिया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा है?
डॉ. वनीता घडागे देसाई नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि क्रिएटर राहुल रॉय के साथ 'तेरे दर पे सनम' गाने पर डांस कर रही हैं। राहुल रॉय भी उसका साथ दे रहे हैं। जिस गाने पर वीडियो बनाया गया है, वह गाना 1993 की फिल्म 'फिर तेरी कहानी याद आई' का है, जिसमें राहुल के साथ पूजा भट्ट थीं।
A post shared by Dr.Vanita Ghadhage.D (@dr_vanita_ghadhage_desai)
यह वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हुआ। इसे 3.2 मिलियन बार देखा गया। वीडियो पर कई यूजर्स ने हैरानी जताई। कई यूजर्स ने सवाल पूछा कि ऐसी क्या मजबूरी थी कि इस कलाकार को रील बनाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस तरह के सवालों का राहुल रॉय ने जवाब दिया है।
एचटी सिटी से बातचीत में राहुल रॉय ने कहा 'यह वीडियो वायरल तो नहीं हुआ है, लेकिन यह एक मजबूरी थी। अब मैं ऐसा दोबारा नहीं करूंगा। आप सभी का शुक्रिया।'
किस एक्टर के साथ रिश्ते में हैं पूजा हेगड़े? तारा सुतारिया के साथ जुड़ चुका रूमर्ड बॉयफ्रेंड का नाम
राहुल रॉय ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा 'मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता से करता हूं। मुझे कुछ कानूनी मामलों का भुगतान करना है और ये आज के नहीं हैं। ये उस समय के हैं जब ब्रेन स्ट्रोक नहीं हुआ था। अगर आप मेरी सादगी या मेरी परेशानियों का मजाक उड़ाते हैं, ट्रोल करते हैं, तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है।'
उन्होंने आगे लिखा 'अगर आपको सच में इतनी चिंता है, तो मुझे कोई अच्छा और सही काम दिलाने में मदद कीजिए, ताकि मैं अपने केसों का भुगतान कर सकूं। कम से कम मैं मेहनत करके कमा रहा हूं, दूसरों का मजाक उड़ाकर नहीं।'
उन्होंने आगे लिखा 'ब्रेन स्ट्रोक के बाद मेरे लिए सक्रिय रहना जरूरी है। मैं जब तक जिंदा हूं, तब तक काम करना चाहता हूं। इससे मेरा दिमाग सक्रिय रहता है और मुझे यह एहसास व जिम्मेदारी मिलती है कि मैं आज भी काम कर रहा हूं। हां, इससे कभी-कभी थोड़ा दुख हो सकता है, लेकिन आप मुझे तोड़ नहीं सकते।'
राहुल रॉय की पोस्ट पर अनुपम खेर, सोनू सूद और फराह खान ने कमेंट किया है।
आपको बता दें कि राहुल रॉय पिछले लगभग चार दशकों से एक्टिंग कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म 'आशिकी' (1990) से डेब्यू किया था, जिसे आज भी एक कल्ट फिल्म का दर्जा हासिल है। इसके बाद उन्होंने महेश भट्ट की हॉरर फिल्म 'जुनून' और 'गुमराह' में काम किया। साल 2006 में उन्होंने रियलिटी शो 'बिग बॉस' जीता था। हाल ही में उन्हें फिल्म 'आगरा' में देखा गया था।