पंजाब के लिटिल चैंपियन गुरकीरत को शिक्षक दिवस पर मिला खास तोहफा, लखनऊ के जैद ने किया कमाल
पॉपुलर सिंगिंग रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स अपने शानदार कंटेस्टेंट्स की बेहतरीन परफॉर्मेंस के साथ सभी का दिल जीत रहा है। उत्सव के माहौल से भरे एक शानदार सप्ताह के बाद इस वीकेंड इस पॉपुलर सिंगिंग रियलिटी शो में दुनिया भर के मेंटर्स और टीचर्स को ट्रिब्यूट दिया जाएगा। टीचर्स डे के अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने इसे बड़े अनोखे ढंग से मनाया।
शूटिंग के दौरान जहां सभी प्रतिभागियों ने अपनी जोरदार परफॉर्मेंस दिखाई, वहीं उन्होंने मनोरंजन का स्तर ऊपर उठाते हुए ज्यूरी मेंबर्स की टीम के साथ परफॉर्म किया। जी हां, टीचर्स डे स्पेशल एपिसोड के दौरान सभी कंटेस्टेंट्स अपने-अपने ज्यूरी सदस्यों के साथ परफॉर्म करते नजर आएंगे। आखिर टीचर्स डे को सेलिब्रेट करने के लिए टीचर के साथ ही यह आर्ट परफॉर्म करने से बेहतर और क्या हो सकता है। वैसे तो हर कंटेस्टेंट ने अपने ज्यूरी मेंबर के साथ मिलकर एक से बढ़कर एक परफॉर्मेंस दी, लेकिन लखनऊ के जैद अली ने सिंगर, कंपोजर और ज्यूरी मेंबर रामशंकर के साथ जब बड़ी खूबसूरती से 'भर दो झोली मेरी' गाया तो सभी हैरान रह गए।
इन सभी परफॉर्मेंसेस के बीच टीचर्स डे के इस जश्न में एक खूबसूरत मोड़ भी आया, जब ज्यूरी सदस्यों और जजों ने मिलकर लिटिल चैंप गुरकीरत को एक खास तोहफा दिया। पंजाब से आया यह बच्चा हमेशा से हारमोनियम बजाना चाहता था, लेकिन अपनी आर्थिक स्थिति के चलते कभी अपने पिता से इसकी मांग नहीं कर सका। आखिर जजों ने उसका यह सपना पूरा कर दिया। जब गुरकीरत को यह बहुप्रतीक्षित उपहार मिला, तो वो अपनी खुशी रोक नहीं पाया और ना ही उसके पिता ऐसा कर सके। यह सभी के लिए वाकई एक भावुक पल था।
टीचर्स डे के मौके पर 'सिंगिंग विथ द ज्यूरी' स्पेशल एपिसोड के दौरान दर्शकों को कुछ सबसे मशहूर गानों पर टैलेंटेड लिटिल चैंप्स की जोरदार परफॉर्मेंस देखने को मिलेगी। इस एपिसोड में दर्शकों के लिए ढेर सारे मधुर गाने और बहुत से सरप्राइज भी होंगे।