Pradeep Rawat: पंचतत्व में विलीन हुए प्रदीप रावत, अंतिम दर्शन करने पहुंचे आमिर; ‘लगान’ के कई कलाकार हुए शामिल
Pradeep Rawat Last Rites: फिल्म ‘गजनी’ फेम अभिनेता प्रदीप रावत नहीं रहे। मंगलवार 04 अगस्त को उनका निधन हो गया। आज बुधवार को वे अपने अंतिम सफर पर रवाना हुए। परिवार और करीबी दोस्तों के अलावा आमिर खान, रजा मुराद समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
विस्तार
बीते दिन मंगलवार को प्रदीप रावत ने दुनिया को अलविदा कहा। वे कैंसर से जूझ रहे थे। करीब डेढ़ महीने से उनका उपचार चल रहा था, मगर वे कैंसर से जंग हार गए। अपने करियर में लगभग 150 फिल्में करने वाले इस अभिनेता को आमिर खान की फिल्म ‘गजनी’ में विलेन का किरदार निभाने के लिए पहचाना जाता है।
बुधवार को प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में आमिर खान पहुंचे और श्रद्धांजलि दी। वहीं, अभिनेता रजा मुराद, अभिनेत्री रुहानिका धवन समेत कई और सेलेब्स भी नजर आए।
पंचतत्व में विलीन प्रदीप रावत, भावुक हुए आमिर
प्रदीप रावत पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। उनके अंतिम संस्कार के वक्त आमिर खान भावुक नजर आए। प्रदीप के आखिरी दर्शन करने आशुतोष गोवारिकर भी पहुंचे।
विज्ञापन विज्ञापन
फूलों से सजाया गया अंतिम यात्रा का वाहन
सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत की अंतिम यात्रा से जुड़े वीडियो सामने आ रहे हैं। उनकी अंतिम यात्रा के लिए जो वाहन तैयार किया गया है, उसे फूलों से सजाया गया है। साथ ही आगे उनकी तस्वीर लगी है, जिस पर भावभीनी श्रद्धांजलि लिखी है।
रजा मुराद हुए भावुक
रजा मुराद ने प्रदीप रावत को लेकर भावुक बात कही। उनका कहना है कि इस अभिनेता को काबिलियत के हिसाब से सही मुकाम हिंदी फिल्मों में नहीं मिला। जबकि साउथ फिल्मों ने उन्हें सही पहचान दी।
अभिनेता आमिर खान भी प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं। 'लगान' और 'गजनी' जैसी फिल्मों में प्रदीप रावत ने आमिर खान के साथ काम किया था।
अखिलेंद्र मिश्रा की नम हुईं आंखें
अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा भी प्रदीप रावत की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। वह प्रदीप की तस्वीर देखकर भावुक हो गए, उनकी आंखें नम नजर आईं। वह किसी तरह से खुद को संभालते नजर आए।
रुहानिका धवन भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं
टीवी अभिनेत्री रुहानिका धवन भी शमशान घाट आईं, प्रदीप रावत की अंतिम दर्शन किए। परिवार वालों को वो इमोशनल सपोर्ट देती नजर आईं।
अभिनेता प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार की तैयारियां जारी हैं। इस मौके पर उनका बेटा बहुत गमगीन नजर आया।
एक्टर-डायरेक्टर अमीन हाजी भी प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। वे अपने परिवार के साथ अभिनेता के आखिरी दर्शन करने पहुंचे।
प्रदीप रावत आखिरी सफर पर रवाना हो चुके हैं। उनकी अंतिम यात्रा में परिवार के अलावा फिल्म जगत के कई लोग शामिल हुए हैं।