कोविड 19: पवन कल्याण की पार्टी जनसेना के कई मेंबर्स हुए कोरोना संक्रमित, अभिनेता ने खुद को किया क्वारंटीन
देशभर में कोरोना महामारी एक बार फिर अपने पैर तेजी से पसार रही है। बॉलीवुड के कई सेलेब्स कोरोना की जद में आ चुके हैं और कई फिल्मों की शूटिंग रोक दी गई है। इसी बीच खबर आ रही है कि साउथ के सुपरस्टार पवन कल्याण ने खुद को घर में क्वारंटीन कर लिया है। पवन कल्याण की पॉलिटिकल पार्टी जनसेना के कई मेंबर्स कोरोना संक्रमित हो गये हैं। इस मामले में जनसेना पार्टी की तरफ से एक बयान भी जारी किया गया है।
इस बयान में लिखा गया, 'जनसेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण के मुख्य अधिकारी, सुरक्षा और व्यक्तिगत कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। डॉक्टरों की सलाह पर पवन कल्याण जी ने खुद को घर में क्वारंटीन कर लिया है। पिछले एक सप्ताह से एक के बाद एक मेंबर्स कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं।'
Sri @PawanKalyan goes into quarantine pic.twitter.com/nBLrvxxYcc
— JanaSena Party (@JanaSenaParty) April 11, 2021
आगे कहा गया, 'इन सभी लोगों ने पवन कल्याण के साथ काम किया था। इस वजह से कोरोना से बचाव के लिए पवन कल्याण ने खुद को एकांतवास में रख लिया है। वह डॉक्टरों की सलाह पर शांतिपूर्ण माहौल में हैं। पवन जी अपने दैनिक कार्यों और पार्टी के मामलों को निष्पादित करने के लिए पार्टी के मेंबर्स से फोन के जरिए संपर्क में रहेंगे।'
शुक्रवार, 9 अप्रैल को पवन कल्याण की फिल्म वकील साब सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले ही दिन 42 करोड़ की कमाई कर ली है। इस फिल्म को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। बता दें कि ये फिल्म अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू स्टारर हिंदी फिल्म पिंक का रीमेक है। वेणु श्रीराम द्वारा निर्देशित इस फिल्म को दिल राजू और बोनी कपूर प्रोड्यूस कर रहे हैं।