Rashmirekha Ojha: रश्मिरेखा की मौत के बाद बॉयफ्रेंड ने भी की आत्महत्या, अभिनेत्री के पिता ने लगाए थे संगीन आरोप
संतोष पात्रा का शव ओडिशा की राउरकेला स्थित बंसती कॉलोनी के एक घर से पंखे से लटका हुआ मिला है। संतोष की मां का कहना है कि अभिनेत्री की मौत के बाद से ही उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
विस्तार
18 जून को मशहूर ओडिया टेलीविजन अभिनेत्री रश्मिरेखा ओझा ने आत्महत्या कर ली थी। 23 वर्षीय अभिनेत्री का शव भुवनेश्वर के नयापाली इलाका में किराए के मकान में मिला था। पुलिस को घटनास्थल से अभिनेत्री का सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें किसी को भी जिम्मेदार नहीं बताया था। लेकिन अभिनेत्री के पिता ने लिव-इन पार्टनर संतोष पात्रा पर इस मामले में लिप्त होने का आरोप लगाया था। अब अभिनेत्री के बॉयफ्रेंड संतोष पात्रा ने भी आत्महत्या कर ली है।
पंखे से लटका मिला शव
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो संतोष पात्रा का शव 6 जुलाई को ओडिशा की राउरकेला स्थित बंसती कॉलोनी के एक घर से पंखे से लटका हुआ मिला है। संतोष पात्रा ने अभिनेत्री की मौत से कुछ दिन पहले ही दूसरी जगह रहना शुरू कर दिया था। इससे पहले तक दोनों लिव-इन में रहा करते थे। अभिनेत्री की मौत के बाद से ही पुलिस संतोष से पूछताछ कर रही थी। अब बताया जा रहा है कि संतोष ने कल रात यानी 5 जुलाई को आत्महत्या कर ली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार संतोष पात्रा की मां का कहना है कि अभिनेत्री की मौत के बाद से ही उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह रश्मिरेखा की मौत के बाद से ही यह कदम उठाने वाला था, लेकिन हम उसको समझा रहे थे। हमारी कोशिश थी कि वह खुद को कोई नुकसान न पहुंचाए, लेकिन हम उसे बचा नहीं पाए। रश्मिरेखा की मौत से परेशान होकर ही उसने यह कदम उठाया है।
रश्मिरेखा के पिता ने पुलिस को बताया था कि वह उन्होंने अपनी बेटी को कई फोन किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में संतोष ने उन्हें फोन कर रश्मि की मौत की जानकारी दी थी। दोनों एक साथ पति-पत्नी की तरह रह रहे थे, इस बात की जानकारी भी उन्हें घटनास्थल पर जाकर हुई थी। इसके बाद ही उन्होंने संतोष पर मामले में लिप्त होने का आरोप लगाया था।