महमूद बॉलीवुड के मशहूर कॉमिक एक्टर थे। आज उनका जन्मदिन है। वो 1932 में मुंबई में पैदा हुए और साल 2004 में उनका देहांत हो गया। एक वक्त ऐसा था जब महमूद फिल्म के लीड एक्टर से ज्यादा पैसा लिया करते थे। उन्होंने एक्टिंग के साथ ही डायरेक्शन और प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया। महमूद को अमिताभ बच्चन का गॉडफादर कहा जाता है। अमिताभ बच्चन के संघर्ष के दिनों में महमूद ही उनका सहारा बने थे। लेकिन, बाद में महमूद और अमिताभ बच्चन के रिश्ते में खटास पड़ गई।
किस्से बॉलीवुड के: अमिताभ के गॉडफादर थे महमूद, इस वजह से पड़ी थी रिश्ते में खटास
महमूद ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि अमिताभ बच्चन के दो पिता हैं। उन्होंने कहा था, अमिताभ के एक पिता हरिवंशराय बच्चन और दूसरे वो हैं। महमूद का कहना था किजिस व्यक्ति को सफलता मिलती है, उसके दो पिता होते हैं, एक उसका अपना पिता और दूसरा वह जो उसे पैसा कमाना सिखाता है। महमूद का कहना था, उन्होंने अमिताभ बच्चन को सिखाया, रहने की जगह दी और फिल्में दिलवाईं। महमूद का कहना था कि अमिताभ उनका बहुत सम्मान करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि अमिताभ के एक कदम ने उन्हें हैरान कर दिया था।
अमिताभ से इस बात पर थी महमूद को शिकायत
महमूद ने अपने इंटरव्यू में कहा था कि जब अमिताभ के पिता हरिवंशराय बच्चन बीमार पड़े थे, मैं उन्हें देखने के लिए गया था। लेकिन जब मेरी सर्जरी हुई तो अमिताभ ब्रीचकैंडी अस्पताल में अपने पिता के साथ आए तो थे, लेकिन मुझे देखने के लिए नहीं आए। ऐसा करके अमिताभ ने यह साबित कर दिया था कि असली पिता असली होता है और नकली, नकली।
महमूद ने कहा था कि अमिताभ न ही उनसे मिलने अस्पताल में आये और न ही उन्हें जल्द ठीक होने के लिए कार्ड भेजा। यहां तक ही अमिताभ ने महमूद को एक छोटा सा फूल तक भी नहीं भेजा। महमूद ने कहा था, अमिताभ को पता था कि मैं अस्पताल में भर्ती हूं। लेकिन, वो मुझसे मिलने तक नहीं आये। ये ही वजह थी कि अमिताभ और अमहमूद के रिश्ते में खटास पड़ गई थी। महमूद का कहना था कि उन्होंने अमिताभ को माफ कर दिया और उम्मीद करते हैं कि वो किसी और के साथ ऐसा न करें।
महमूद ने मुंबई में काम नहीं मिलने पर वापस घर लौटने के बारे में सोच रहे अमिताभ को ‘बॉम्बे टू गोवा’ फिल्म में काम दिलवाया। फिल्म को खुद महमूद ने प्रोड्यूस किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। महमूद बेहद गरीब और साधारण परिवार से फिल्म इंडस्ट्री में आये थे। उनके आठ भाई बहन थे, जिसमें से बहन मीनू मुमताज बड़ी अभिनेत्री थीं। उन्होंने बचपन में लोकल ट्रेनों में टॉफियां तक बेची थीं।