EXCLUSIVE: 'एमसी शेर' को मिला हॉलीवुड फिल्म में बड़ा मौका, क्रिस हेम्सवर्थ के किरदार को देंगे आवाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म गली बॉय में अपनी अदाकारी और स्टाइल से तहलका मचा देने वाले अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी को बड़ा इंटरनेशनल मौका मिला है। सिद्धांत अगले महीने रिलीज होने जा रही सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी मेन इन ब्लैक की नई फिल्म में क्रिस हेम्सवर्थ की आवाज बनने जा रहे हैं। एवेंजर्स सीरीज में क्रिस हेम्सवर्थ मशहूर किरदार थोर बने हैं। सिद्धांत का साथ देने और इस फिल्म की हीरोइन की आवाज बनने के लिए मशहूर अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा को भी साइन किया गया है।
सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट की बहुप्रतीक्षित फिल्म मेन इन ब्लैक: इंटरनेशनल में एवेंजर्स सीरीज के दो कलाकार क्रिस हेम्सवर्थ और टेसा थ़ॉम्प्सन लीड किरदार कर रहे हैं। इस फिल्म के हिंदी संस्करण के लिए तमाम कलाकारों के वॉयस टेस्ट के बाद जिन दो नामों पर इस इंटरेनशल स्टूडियो ने मुहर लगाई वे हैं, सिद्धांत औऱ सान्या। गली बॉय के एमसी शेर सिद्धांत जहां फिल्म में क्रिस हेम्सवर्थ के संवाद हिंदी में डब करने जा रहे हैं, वहीं सान्या मल्होत्रा एवेंजर्स सीरीज की मशहूर हीरोइन टेसा थॉम्प्सन के संवाद हिंदी में डब करेंगी।
भारत में सुपरहिट रही मेन इन ब्लैक यानी एमआईबी सीरीज की नई स्पिन ऑफ फिल्म मानी जा रही मेन इन ब्लैक: इंटरनेशनल दो नए एजेंट्स एजेंट एच और एजेंट एम की कहानी है। इस मौके को पाकर सिद्धांत काफी खुश नजर आए। वह कहते हैं, ‘एमआईबी फ्रेंचाइजी पूरी दुनिया में एक अलग ही दुनिया तैयार कर चुकी है। इस फिल्म ने साइंस फिक्शन फिल्मों में कॉमेडी का एक नया अंदाज भी पैदा किया। बचपन से ही मैं ये सीरीज देखता रहा हूं और मुझे बहुत खुशी है कि मैं अब इस एमआईबी परिवार का हिस्सा बन गया हूं। जहां तक बात क्रिस हेम्सवर्थ की है तो वह दुनिया के सबसे मशहूर सितारों में से एक हैं और उनका काम तो मैं उनके सुपरहीरो के दिनों से ही फॉलो करता रहा हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि इस चुनौती पर मैं खरा उतरूंगा।’