मुसीबत: 'वकील साब' के मेकर्स के खिलाफ बिजनेसमैन ने दर्ज कराई शिकायत, फिल्म में नंबर दिखाने का है मामला
'वकील साब' के मेकर्स पर मुसीबत
बिजनेसमैन ने शिकायत कराई दर्ज
फिल्म में नंबर दिखाने का है मामला
विस्तार
9 अप्रैल को रिलीज हुई पवन कल्याण स्टारर 'वकील साब' ने महामारी के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर मास्टर स्ट्रोक लगाया है। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विजय और विजय सेतुपति स्टारर 'मास्टर' का रिकॉर्ड तोड़ते हुए लॉकडाउन के बाद सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। लेकिन अब फिल्म के मेकर्स मुसीबत में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। एक उद्योगपति ने फिल्म के मेकर्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
मामला ये है कि हैदराबाद के बिजनेसमैन अमरप्रीत ने फिल्म 'वकील साब' के मेकर्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि फिल्म में उनका नंबर दिखाया गया है, जिसके बाद से उन्हें लगातार फोन और मैसेज आ रहे हैं।
अमरप्रीत का कहना है कि इस तरह से उनकी छवि खराब हो रही है और उन्हें मानसिक तौर पर भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका नंबर इंटरनेट पर वायरल हो गया है और उनके पास हर जगह से लोग फोन कर रहे हैं।
बता दें, फिल्म के एक दृश्य में विलेन एक लड़की की फोटो के साथ उसका नंबर भी दिखाता है। ये नंबर बिजनेसमैन के अनुसार ये नंबर उनका है। फिल्म में व्यक्ति से बिना अनुमति के उनका नंबर इस्तेमाल करने के लिए निर्माताओं के खिलाफ एक्शन लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने मेकर्स से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
'वकील साब' अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू स्टारर 'पिंक' की तेलुगु रीमेक है, जो 2016 में रिलीज हुई थी। 'वकील साब' में पवन कल्याण ने अमिताभ बच्चन वाला रोल निभाया है, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी वकील का रोल प्रकाश राज ने किया है।