Kevin Spacey: केविन स्पेसी की बढ़ी मुश्किलें, ब्रिटेन की अदालत ने एक्टर के खिलाफ तय किए यौन उत्पीड़न के आरोप
स्पेसी को नेटफ्लिक्स के हाउस ऑफ कार्ड्स, सेवन, एलए कॉन्फिडेंशियल और बेबी ड्राइवर में उनकी भूमिकाओं के लिए जाना जाता है।
विस्तार
अभिनेता केविन स्पेसी तीन पुरुषों के यौन उत्पीड़न के चार मामलों का सामना कर रहे हैं। यह जानकारी ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (सीपीएस) ने दी है। सीपीएस ने कहा कि 62 वर्षीय अभिनेता के खिलाफ बिना सहमति के यौन गतिविधि में शामिल होने के आरोप भी तय किए गए हैं। कथित घटनाएं मार्च 2005 से अगस्त 2008 के बीच लंदन में और अप्रैल 2013 में ग्लूस्टरशायर में हुईं। पिछली जांच में मेट्रोपॉलिटन पुलिस द्वारा एकत्र किए गए सबूतों की समीक्षा के बाद अभिनेता के खिलाफ ये आरोप तय किए गए हैं।
सीपीएस स्पेशल क्राइम डिपार्टमेंट के प्रमुख रोजमेरी आइंस्ली ने कहा, 'केविन स्पेसी के खिलाफ तीन पुरुषों के यौन उत्पीड़न के चार मामलों में आपराधिक आरोप तय किए गए हैं। इसके अलावा बिना इजाजत के किसी व्यक्ति को यौन गतिविधि में शामिल करने के आरोप में भी तय किए गए हैं।'
बता दें कि स्पेसी दो बार के ऑस्कर विजेता है, जिन्हें 1996 में द यूजुअल सस्पेक्ट के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और 2000 में अमेरिकन ब्यूटी के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। उन्हें नेटफ्लिक्स के हाउस ऑफ कार्ड्स, सेवन, एलए कॉन्फिडेंशियल और बेबी ड्राइवर में उनकी भूमिकाओं के लिए भी जाना जाता है।
वह 2004 और 2015 के बीच लंदन में ओल्ड विक थिएटर के आर्ट डायरेक्टर थे। वह कैलिफोर्निया में पले-बढ़े लेकिन एक दशक से अधिक समय तक राजधानी में रहे। इसके बाद वह लंदन में आकर बस गए। पहली बार उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप अक्टूबर 2017 में मीटू आंदोलन के बाद लगे थे।
आरोपों के सामने आने के बाद उन्हें हाउस ऑफ कार्ड्स में राजनेता फ्रांसिस अंडरवुड के रोल से हटा दिया गया था। इस अलावा वह रिडले स्कॉट की फिल्म ऑल द मनी इन द वर्ल्ड में तेल टाइकून जे पॉल गेटी की भूमिका से भी हाथ धो बैठे थे। इसके बाद स्पेसी सार्वजनिक रुप दिखना बंद हो गए थे। पिछले साल वह इटालियन क्राइम ड्रामा में एक जासूस की छोटी सी भूमिका में नजर आए थे।
हाल ही में उनकी नई फिल्म पीटर फाइव आठ का ट्रेलर कान में लॉन्च किया गया है जिसमें स्पेसी एक खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। उनके खिलाफ दुर्व्यवहार के आरोप सामने आने के बाद से यह उनकी पहली बड़ी भूमिका होगी। हालांकि स्पेसी इससे पहले भी अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार कर चुके हैं।