Pawandeep & Arunita: पवनदीप और अरुणिता बने संगीत सेरेमनी के सितारे, इस धारावाहिक में फिर दिखाएंगे दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के दूसरे सीजन में राम बने नकुल मेहता और प्रिया का किरदार कर रहीं दिशा परमार की ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री रंग जमाने लगी है। धारावाहिक देखने वालों को दोनों की शादी का बेसब्री से इंतजार है क्योंकि माना जा रहा है कि धारावाहिक में दोनों की ये अनोखी प्रेम कहानी यहीं से अंगड़ाइयां लेनी शुरू होगी। धारावाहिक के निर्माता दोनों की शादी का पूरा सीक्वेंस दर्शकों के लिए बहुत ही खास तरीके से तैयार कर रहे हैं और ‘अमर उजाला’ को इन दृश्यों की शूटिंग देखने का जो मौका मिला है उसके मुताबिक ये पूरा समारोह किसी भव्य नजारे जैसा परदे पर दिखने वाला है। इन दोनों की सगाई लेकर हल्दी, मेहंदी और संगीत में खूब धमाल की तैयारी हो रही है और एक शानदार पंजाबी शादी के लिहाज से इसमें कई बड़े कार्यक्रम होने वाले हैं। इस शादी के संगीत कार्यक्रम को लेकर भी एक दिलचस्प खुलासा हुआ है।
जी हां, धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के दूसरे सीजन में राम और प्रिया की शादी के संगीत समारोह में ‘इंडियन आइडल 12’ के विजेता पवनदीप राजन और फर्स्ट रनर-अप अरुणिता कांजीलाल नजर आने वाले हैं। ये दोनों राम और प्रिया के लिए एक दिल छू लेने वाली परफॉर्मेंस देंगे और इस दौरान तमाम हिट फिल्मी गीत सुनाते हुए रोमांटिक और मजेदार पल बिताएंगे। इस संगीत समारोह में स्पेशल बच्चों की उपस्थिति भी देखने को मिलेगी।
‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के दौरान देखने को मिला कि जहां राम और प्रिया अपने परिवारों की खातिर एक-दूसरे से शादी की तैयारी कर रहे हैं, वहीं बाकी तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। रोका के साथ इस समारोह की शुरुआत करते हुए संगीत की तैयारी भी होती दिखी जिसके लिए पवनदीप राजन ने खास तैयारियां की हैं। वह कहते हैं, "जब मुझे ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के दूसरे सीजन का हिस्सा बनने का मौका मिला, तो मैं बहुत उत्साहित था। राम और प्रिया के किरदार सभी को पसंद आते हैं। अभी जब हम सेट पर आए तो ऐसा लगा कि वे उन लोगों में से हैं जिन्हें हम पहले से जानते हैं। दर्शकों के इसमें लिए और भी सरप्राइज हैं।"
पवनदीप राजन के साथ ‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ के इन दृश्यों में गायिका अरुणिता कांजीलाल भी शूटिंग के दौरान मौजूद दिखीं। अरुणिता कहती हैं, ''धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ मेरा फेवरेट शो रहा है। इसके अलावा मुझे शादियों से जुड़ी हर चीज पसंद है। ऐसे में इसमें एक खास सीक्वेंस का हिस्सा बनकर मेरी खुशी क्या होगी आप इसका अंदाज़ा भी नहीं लगा सकते। सबसे पसंदीदा ऑन-स्क्रीन जोड़ी में से एक राम और प्रिया के साथ होना सोने पे सुहागा जैसा रहा।”