अब गौहर खान बोलीं अपने उन छोटे कपड़ों पर
"कोई मूर्ख तय नहीं कर सकता कि मैं क्या पहनूं और क्या नहीं। अभिनेत्री गौहर ख़ान ने मंगलवार को मीडिया से रूबरू होते हुए ये बात कही.
शनिवार शाम एक रियलिटी शो की शूटिंग के दौरान 'बिग बॉस-7' की विजेता गौहर ख़ान को दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया था।
बीबीसी को पुलिस अधिकारियों ने बताया था, "गौहर को थप्पड़ मारने से पहले उसने उन्हें हाथ लगाने कि कोशिश भी की थी. वो चिल्ला रहा था कि गौहर मुसलमान होकर छोटे कपड़े पहनती हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। घटना के बाद मोहम्मद अक़ील मलिक नाम के इस शख़्स को गिरफ़्तार कर लिया गया था।
फिर कौन है महफ़ूज?
घटना के तीन दिन बाद मीडिया से अपनी प्रतिक्रिया में गौहर ने कहा, "उस शख़्स को किसने ये अधिकार दिया कि मैं क्या पहनूं और क्या नहीं? किसने उसको कहा कि अगर कोई लड़की आपकी मर्ज़ी के कपड़े ना पहने तो उसके साथ ऐसी हरकत करो?"
गौहर ने आगे कहा, "धर्म के नाम पर अपनी बेहूदा हरकत को न्यायसंगत ठहराना और भी कायराना है. अगर एक एक्ट्रेस ऐसी मानसिकता की शिकार हो सकती है तो आम औरतें और लड़कियां इस देश में कैसे महफ़ूज़ रह सकती हैं। गौहर ख़ान ने मीडिया और अपने प्रशंसकों को समर्थन देने के लिए शुक्रिया भी अदा किया है।