Tanvi The Great: अनुपम खेर की 'तन्वी द ग्रेट' में शामिल हुए 'गेम ऑफ थ्रोन्स' फेम इयान ग्लेन, पोस्टर जारी
Tanvi The Great: 'गेम ऑफ थ्रोन्स' के अभिनेता इयान ग्लेन अनुपम खेर की निर्देशित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' में शामिल हो गए हैं। इस फिल्म से अनुपम खेर दो दशक से अधिक समय के बाद निर्देशक के रूप में वापसी कर रहे हैं।
विस्तार
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर 21 साल बाद निर्देशक की भूमिका में लौट रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ चर्चा में है। हाल ही में फिल्म की टीम ने बताया कि नई अभिनेत्री शुभांगी दत्त मुख्य किरदार निभाएंगी। अब एक नए पोस्टर ने खुलासा किया है कि ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ के मशहूर अभिनेता इयान ग्लेन भी फिल्म का हिस्सा हैं। वह माइकल सिमंस नाम के एक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आएंगे।
अनुपम खेर ने साझा किया पोस्टर
अनुपम खेर इस फिल्म के निर्माता भी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने बताया, 'मैंने इयान ग्लेन के साथ बीबीसी की सीरीज ‘मिसेज विल्सन’ में काम किया था। शूटिंग के बाद हम दोस्त बन गए। जब ‘तन्वी द ग्रेट’ में माइकल सिमंस के किरदार के लिए कास्टिंग हो रही थी, मैंने इयान को स्क्रिप्ट भेजी। उन्होंने तुरंत इस किरदार को निभाने के लिए हां कर दी।'
View this post on Instagram
‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ से इयान ग्लेन से मिली पहचान
इयान ग्लेन स्कॉटलैंड के मशहूर अभिनेता हैं। उन्हें ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में सर जोराह मॉर्मोंट के किरदार के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। इसके अलावा उन्होंने ‘टाइटन्स’ में ब्रूस वेन और ‘द रिग’ (2023) में मैग्नस मैकमिलन जैसे किरदार निभाए। उनकी एक्टिंग ने हर बार दर्शकों का दिल जीता है।
Shubham: सामंथा की ‘शुभम’ के निर्देशक प्रवीण कंद्रेगुला बोले- ‘फिल्म को सबसे पहले देखने वाले होंगे भाग्यशाली’
अनुपम खेर का निर्देशन में कमबैक
अनुपम खेर ने 2002 में ‘ओम जय जगदीश’ से निर्देशन की शुरुआत की थी। उस फिल्म में वहीदा रहमान, अनिल कपूर, अभिषेक बच्चन, फरदीन खान और उर्मिला मातोंडकर जैसे सितारे थे। अब ‘तन्वी द ग्रेट’ के साथ वह फिर से निर्देशन में अपनी छाप छोड़ने को तैयार हैं।
Chhaya Kadam: 'लापता लेडीज' फेम छाया कदम के खिलाफ NGO ने की शिकायत दर्ज, जंगली जानवरों का मांस खाने का आरोप
शुभांगी दत्त की पहली फिल्म
पिछले साल मार्च में अनुपम खेर ने ‘तन्वी द ग्रेट’ की घोषणा की थी। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो शेयर कर शुभांगी दत्त को तन्वी के किरदार के रूप में पेश किया। शुभांगी, अनुपम खेर के एक्टिंग स्कूल की छात्रा हैं और यह उनकी पहली फिल्म होगी। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता एम.एम. कीरावानी ने तैयार किया है। यह फिल्म अनुपम खेर स्टूडियोज और एनएफडीसी ने मिलकर बनाई है, जिसमें लोअर मिडिल क्लास कॉर्पोरेशन भी शामिल है।