वी शांताराम की याद में गूगल ने बनाया डूडल
भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्म मेकर और एक्टर वी शांताराम की आज 116वीं वर्षगांठ है। इस मौके पर गूगल ने एक खास डूडल बनाकर वी शांताराम को समर्पित किया है। वी शांताराम का जन्म 18 नवंबर 1901 को कोल्हापुर में हुआ था।
आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण वी शांताराम ने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी थी। बचपन से ही उनका रुझान फिल्मों की तरफ था। 19 साल की कम उम्र में ही शांताराम, बाबू राव पेंटर की महाराष्ट्र फिल्म कंपनी से जुड़ गए।
यहां उन्होंने फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखीं। 1921 में शांताराम ने एक मूक फिल्म 'सुरेख हरण' में बतौर एक्टर काम किया था। 1929 में उन्होंने खुद की कंपनी खोली। जिसका नाम प्रभात फिल्म्स रखा।
प्रभात कंपनी के बैनर तले वी शांतराम ने 'गोपाल कृष्णा', 'खूनी खंजर', 'रानी साहिबा' और 'उदयकाल' जैसी फिल्में बनाईं। शांताराम ने अपने 60 साल के करियर में लगभग 50 फिल्में बनाईं। वी शांताराम 30 अक्टूबर 1990 को इस दुनिया से विदा कर गए थे।