'ऐ दिल है मुश्किल' को लेकर मनसे की धमकी, 'परदे फाड़ देंगे'
करण जौहर की ऐ दिल है मुश्किल पर संकट के बादल गहराते जा रहे हैं। कल तक राज ठाकरे की पार्टी सिर्फ फिल्म के कलाकार फवाद खान को लेकर विरोध कर रही थी। आज उस विरोध ने बड़ा रूप ले लिया है। अब पार्टी ने फिल्म के रिलीज का विरोध करने की ठान ली है।
मुंबई पार्टी प्रवक्ता अमेय कोपेकर ने दो टूक शब्दों में कहा, 'ऐ दिल है मुश्किल ही नहीं, जिस किसी फिल्म में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी होगी, हम उन्हें किसी हाल में रिलीज नहीं होने देंगे। चाहे वह फिल्म उड़ी आतंकी हमले से पहले की ही क्यों न बनी हो? जब तक सीमा जब तक सीमा पार से पाक प्रायोजित आतंकवाद खत्म नहीं होता, हम चुप नहीं बैठने वाले।
पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ हमारा विरोध जारी रहेगा। मैं जी ग्रुप के हेड सुभाष चंद्रा का आभारी हूं कि उन्होंने जिंदगी चैनल से पाकिस्तानी सीरियल के प्रसारण पर रोक लगाई। मैं साथ ही कलर्स का भी शुक्रगुजार हूं, जो उन्होंने कामेडी नाइट्स बचाओ सहित बिग बॉस में भी पाकिस्तानी कलाकारो को लेने से मना किया है। मैं रेडियो मिर्ची का भी शुक्रगुजार हूं। उन्होंने हमें सपोर्ट किया और आतिफ असलम का कार्यक्रम रद्द किया।'
'ऐ दिल है मुश्किल' रिलीज हुई तो सिनेमाहॉल के पर्दे फाड़ देंगे मनसे कार्यकर्ता
कानून तोड़ रिलीज रोकी जाएगी
अमेर कोपेकर ने आगे बताया, 'करण जौहर से हम किसी किस्म की वार्ता नहीं करेंगे। राज ठाकरे साहब ने भी हमें फ्री हैंड दिया है। हमारे पास रिलीज रोकने के कानूनी अधिकारी नहीं हैं, पर हम कानून तोड़ फिल्म की रिलीज रोकेंगे।
जिस किसी सिनेमाहॉल ने वह फिल्म लगाई, उनके पर्दे फाड़ दिए जाएंगे। हम इस तर्क को कतई नहीं मानते कि फिल्म तो उड़ी हमले से पहले बनी थी तो उसे मुरव्वत दी जाए। हमारा लॉजिक है कि आतंकी हमले तो पिछले कई दशकों से जारी हैं, फिर पाकिस्तानी कलाकारों को क्यों पनाह और मौके दिए जा रहे हैं?
हमारे रडार पर सिर्फ फिल्म नहीं मनोरंजन से जुड़े हर कार्यक्रम हैं। कहीं भी पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी दिखी, हम अपनी कार्रवाई करेंगे। बहरहाल, हमने पाकिस्तानी कलाकारों को जो 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। उसको देखते हुए आज एक भी पाकिस्तानी कलाकार मुंबई में नहीं हैं।