एक हादसे से बदले एक्टर-क्रिकेटर योगराज सिंह, गलती का हुआ पछताव; बेटे युवराज और पत्नी से हाथ जोड़कर मांगी माफी
Yograj Singh Apology: अभिनेता एवं पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने हाल ही में अपने बेटे युवराज सिंह और पहली पत्नी शबनम से माफी मांगी है। दरअसल, एक हादसे के बाद उनका ऐसा हृदय परिवर्तन हुआ है कि अब अपनी पुरानी गलतियों पर उन्हें पछतावा है। जानिए आखिर ऐसा क्या हुआ है?
विस्तार
अभिनेता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह अपने सख्त मिजाज के लिए जाने जाते रहे हैं। बेटे युवराज सिंह की परवरिश उन्होंने काफी सख्ती से की। इसके अलावा पहली पत्नी शबनम के साथ भी दुर्व्यवहार किए। कई बार वे यह कह चुके हैं कि उन्हें इसका कोई पछतावा नहीं। मगर, हाल ही में अचानक उनका बयान बदल गया है। उन्होंने न सिर्फ यह कहा कि उन्हें कई चीजों का पछतावा है, बल्कि बेटे युवराज सिंह और पहली पत्नी शबनम से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। दरअसल, योगराज सिंह में यह बदलाव एक हादसे के बाद आया।
योगराज ने माना, 'कई गलतियां की हैं जीवन में'
योगराज सिंह अपने कई पुराने इंटरव्यू यह कहते रहे हैं कि उन्हें अपनी जिंदगी में कोई पछतावा नहीं है। वे सिर्फ अपनी मां के निधन के वक्त रोए थे। मगर, हाल ही में Fivewood Podcast में बातचीत के दौरान योगराज सिंह ने अपनी गलतियां स्वीकार की हैं। उन्होंने माना कि उनसे अपने जीवन में कई गलतियां हुई हैं, जिनका उन्हें पछतावा है। इतना ही नहीं, इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर बेटे युवराज और पहली पत्नी शबनम से माफी भी मांगी।
अचानक हो गई थी तबीयत खराब, डॉक्टरों ने दे दिया था जवाब
दरअसल, योगराज सिंह का यह हृदय परिवर्तन एक हादसे के बाद हुआ, जिसमें उनका साक्षात्कार मौत से हुआ। फाइववुड पॉकास्ट पर उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले उनकी जान जाते-जाते बची थी। अचानक उनके पेट में तेज दर्द उठा था। वे अस्पताल भागे। वहां कुछ टेस्ट हुए और उन्हें बताया गया कि उनका ऑपरेशन होगा, जिसमें बचने की संभावना बेहद कम है। योगराज सिंह ने कहा कि उनका बच जाना एक चमत्कार था। इस अनुभव ने उनके अंदर सबकुछ बदल दिया।
'युवी की मां से माफी मांगता हूं'
पॉडकास्ट में योगराज सिंह से पूछा गया कि क्या उन्हें जिंदगी में कोई पछतावा है? इस पर उन्होंने कहा, 'कई सारे पछतावे हैं। जो भी मैंने किया वह मेरे आत्म सम्मान और मेरे परिवार पर आ गई थी। मैंने वे सभी यादें मिटा दी हैं, क्योंकि मैंरे गुरु ने मुझे ऐसा करने के लिए कहा था। मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। मैं गुजारिश करता हूं कि जिनको मैंने नुकसान पहुंचाया है, कोई बाहर का हो या घरवाला मुझे माफ कर दें। मैं अपने बच्चे और अपनी पत्नी युवी की मां और सभी से माफी मांगता हूं। सब मेरी गलती थी'।
17 साल की उम्र में पिता से अलग हो गए थे युवराज
बता दें कि इस अनुभव से पहले योगराज सिंह कई बार यह कह चुके थे कि उन्हें जिंदगी में कोई पछतावा नहीं है। अगर उन्हें युवराज को पालने का एक और मौका मिला, तो वह उनके साथ फिर से वैसा ही करेंगे। लेकिन अब अचानक योगराज सिंह के सुर बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी बस यही इच्छा है कि उन्हें इस जीवन से मोक्ष मिल जाए। बता दें कि युवराज सिंह और शबनम, एक्टर-क्रिकेटर योगराज सिंह को तब छोड़कर चले गए थे, जब युवराज 17 वर्ष के थे।