Divya Dutt: दिव्या ने किया रश्मिका मंदाना को सपोर्ट, ‘छावा’ में एक्टिंग को लेकर एक्ट्रेस को मिल रही है आलोचना
विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की है। इस फिल्म में कई उम्दा कलाकारों ने अभिनय किया है, जिसमें दिव्या दत्ता भी शामिल हैं। हाल ही में दिव्या, फिल्म की अपनी को-एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना को सपोर्ट करती हुई दिखीं, क्योंकि रश्मिका को उनकी एक्टिंग के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
विस्तार
फिल्म ‘छावा’ में दिव्या दत्ता ने सोयराबाई की भूमिका निभाई है। इस भूमिका में उनके अभिनय को काफी सराहा गया है, जबकि फिल्म में उनके हिस्से बहुत अधिक सींस नहीं थे। वहीं फिल्म में रश्मिका मंदाना ने भी येशूबाई की भूमिका की, जो विक्की कौशल के किरदार संभाजी महाराज की पत्नी हैं। इस किरदार में रश्मिका के अभिनय को कुछ दर्शकों ने पसंद नहीं किया है। रश्मिका की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है। ऐसे में दिव्या दत्ता ने उन्हें सपोर्ट किया है।
रश्मिका को लेकर दिव्या ने क्या कहा
दिव्या दत्ता ने हाल ही में इंडिया टुडे को दिए गए इंटरव्यू में कहा है कि रश्मिका मंदाना की पिछली फिल्में हिट रही हैं, ऐसे में उनमें कोई तो बात होगी कि दर्शक इस तरह का रेस्पॉन्स देते हैं। वह बताती हैं कि रश्मिका बहुत प्यारी लड़की हैं, उनकी आंखें पर्दे पर मन को माेह लेती हैं। वह एक अच्छी एक्ट्रेस हैं।
अपने किरदार को लेकर क्या सोचती हैं
अपने किरदार के बारे में दिव्या दत्ता बताती हैं कि मैंने फिल्म ‘छावा’ में सोयराबाई का रोल किया है, इसके लिए दर्शकों की तरफ से सराहना मिली है। साथ ही कुछ लोगों का कहना है कि मेरे किरदार को लंबा होना चाहिए था। लेकिन सबसे अहम बात है कि हमारी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चल रही है।
कई उम्दा कलाकार फिल्म में हैं शामिल
फिल्म ‘छावा’ में विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना, दिव्या दत्ता के अलावा आशुतोष राणा, प्रदीप राम सिंह रावत, संतोष जुवेकर सिंह, डायना पेंटी ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। साथ ही औरंगजेब के रोल में अक्षय खन्ना और कवि कलश के रोल में विनीत कुमार नजर आए हैं। इन सभी कलाकारों को दर्शकों ने काफी सराहा है।