Jagame Thandhiram: धनुष की फिल्म का ओटीटी काउंटडाउन शुरू, थिएटर न पहुंच पाने का यूं छलका दर्द
ओटीटी पर इन दिनों तमिल सिनेमा का धनुष काल चल रहा है। पहले नेशनल अवार्ड विनर ‘असुरन’ लोगों ने देखी। फिर कुछ ही दिनों पहले ‘करनन’ रिलीज हुई और अब ‘जगमे थंडीरम’।
विस्तार
ओटीटी पर इन दिनों तमिल सिनेमा का धनुष काल चल रहा है। पहले नेशनल अवार्ड विनर ‘असुरन’ लोगों ने देखी। फिर कुछ ही दिनों पहले ‘करनन’ रिलीज हुई और अब ‘जगमे थंडीरम’। बचपन में वेंकटेश प्रभु के नाम से पहचाने गए निर्देशक कस्तूरी राजा के बेटे ने अभिनय में धनुष के नाम से यश कमाया है और उनको लगता है कि उनकी ये नई फिल्म अगर ओटीटी की बजाय सिनेमाघरों में रिलीज हुई होती तो ज्यादा बढ़िया होता। रिलायंस एंटरटेनमेंट के अपनी एक और फिल्म ‘जगमे थंडीराम’ ओटीटी के हवाले कर देने की खबर ‘अमर उजाला’ ने सबसे पहले फरवरी महीने में दी थी। अभिनेता धनुष की निर्देशक कार्तिक सुब्बाराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म का मंगलवार को ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। इस फिल्म का प्रीमियर ओटीटी नेटफ्लिक्स पर 18 जून को होने जा रहा है।
फिल्मों में फंसी अपनी लागत निकालने और अपनी सालाना बैलेंस शीट को ठीक रखने के लिए ही रिलायंस एंटरटेनमेंट ने सबसे पहले अपनी फिल्म ‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ नेटफ्लिक्स को बेची थी। फिल्म ‘जगमे थंडीरम’ रिलायंस एंटरटेनमेंट और उसकी साउथ की साझा कंपनी वाई नॉट स्टूडियोज ने बनाई है। वाई नॉट स्टूडियोज के साथ रिलायंस की साझेदारी वैसी ही है जैसी हिंदी फिल्मों के लिए कंपनी की साझेदारी इम्यिताज अली की विंडो सीट फिल्म्स, मधु मंटेना की कंपनी फैंटम, रोहित शेट्टी की रोहित शेट्टी पिक्चर्ज आदि के सथ है।
फिल्म ‘जगमे थंडीरम’ के निर्देशक कार्ति सुब्बाराज कहते हैं, ‘ये फिल्म मेरी ड्रीम फिल्म है। ये एक ऐसी स्क्रिप्ट पर बनी फिल्म है जो मेरे दिल के बहुत करीब है। इस कहानी को लोगों तक पहुंचाया जाना बहुत ही जरूरी था। अब इस फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का एक नया माध्यम मिला है। मैं भी एक अतरंगी दुनिया (‘जगमे थंडीरम’) की इस कहानी के बारे में लोगों की प्रतिक्रिया जानने को बेताब हूं।’ फिल्म ‘जगमे थंडीरम’ में धनुष के साथ ऐश्वर्या लक्ष्मी, जोजू जॉर्ज, जेम्स कॉस्मो आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। जेम्स कॉस्मो की शोहरत वेब सीरीज ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ के चलते युवाओं में बहुत है।
इस बीच अभिनेता धनुष ने एक ट्वीट करके अपने मन की बात अपने प्रशंसकों के साथ साझा की है। इस ट्वीट को पढ़ने से यही समझ आता है कि धनुष इस फिल्म के सीधे ओटीटी पर रिलीज होने से बहुत खुश नहीं है। वह लिखते हैं, ‘जो एक बहुत ही शानदार थिएटर अनुभव हो सकती थी, वह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आ रही है। बहरहाल उम्मीद करता हूं कि आप सब जगमे थंडीराम का आनंद लेंगे और सुरीली का भी।’
What would have been a great theatrical experience coming to Netflix. Nevertheless hope you all enjoy jagame thandhiram and suruli @karthiksubbaraj @Music_Santhosh https://t.co/gCeOdtkcD3
— Dhanush (@dhanushkraja) June 1, 2021