Tanvi The Great: सीएम रेखा गुप्ता का एलान, दिल्ली में टैक्स फ्री हुई अनुपम खेर की फिल्म 'तन्वी द ग्रेट'
Tanvi The Great Tax Free in Delhi: अनुपम खेर की फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' अपनी कहानी को लेकर तारीफें बटोर रही है। हाल ही में फिल्म को मध्य प्रदेश में कर मुक्त किया गया। अब दिल्ली में भी फिल्म टैक्स फ्री हो गई है।
विस्तार
अनुपम खेर की फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस फिल्म के जरिए अभिनेता ने लंबे वक्त बाद निर्देशन में वापसी की है। यह एक सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज बुधवार को यह एलान किया है। इससे पहले मध्य प्रदेश में भी फिल्म को कर मुक्त किया जा चुका है।
सीएम रेखा गुप्ता ने शेयर किया पोस्ट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को एलान किया कि अनुपम खेर निर्देशित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' दिल्ली में कर मुक्त होगी। रेखा गुप्ता ने अपने एक्स अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) से पोस्ट शेयर कर लिखा है, 'मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि दिल्ली सरकार ने राज्य में फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' को टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है। प्रभावशाली कहानी के साथ, यह फिल्म एक युवा, 'स्पेशल' गर्ल तन्वी की प्रेरक कहानी है, जो तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने के लिए डटी है'।
फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल हुईं सीएम
सीएम की पोस्ट में आगे लिखा है, 'तन्वी की कहानी भावनात्मक और प्रेरणादायक है। हम ऐसी फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करती हैं। देशभक्ति की भावना जगाती हैं और राष्ट्र की अंतरात्मा को जागृत करती हैं। फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं'। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित फिल्म की स्क्रीनिंग से अनुपम खेर और अभिनेत्री शुभांगी दत्त के साथ एक तस्वीर भी साझा की।
I am pleased to share that the Delhi Government has declared the film 'Tanvi the Great' tax-free in the state.
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 23, 2025
With an impactful narrative of inclusion, the film is an inspiring story of a young, ‘special’ girl-Tanvi, who is determined to achieve her dreams against all odds.… pic.twitter.com/sQNb6GpCrO
'सैयारा' से हुआ बॉक्स ऑफिस पर टकराव
इससे पहले फिल्म को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फिल्म को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री घोषित किया था। अनुपम खेर ने इस फिल्म में निर्देशन की कमान संभालने के साथ-साथ अभिनय भी किया है। फिल्म में बोमन ईरानी, जैकी श्रॉफ, करण टैकर, अरविंद स्वामी, नासिर और ब्रिटिश अभिनेता इयान ग्लेन अहम भूमिकाओं में हैं। बॉक्स ऑफिस पर इसका टकराव फिल्म 'सैयारा' से हुआ है, जो इसी के साथ 18 जुलाई को रिलीज हुई और जबर्दस्त कमाई कर रही है।