बिग बी समेत सारे सीनियर कलाकारों के सामने शूटिंग का संकट, सिनटा ने राज्यपाल से की मदद की अपील
- मनोज जोशी ने की महाराष्ट्र गवर्नर से मुलाकात।
- सीनियर अभिनेताओं का रखा पक्ष।
- सिनटा के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं मनोज जोशी।
विस्तार
सिने मजदूरों के महासंघ फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉइज ने महाराष्ट्र सरकार से शूटिंग शुरू करने की गाइडलाइंस तय करके उन पर मुहर तो लगवा ली। लेकिन, उनके बनाए कुछ नियम अब टीवी और फिल्मों में काम करने वाले कुछ बुजुर्ग कलाकारों के लिए परेशानी की वजह बन गए हैं। फेडरेशन ने सरकार को ये सुझाव दिया था कि लॉकडाउन के बाद शूटिंग की मंजूरी मिलने के तीन महीने तक 65 साल से ऊपर के कलाकार शूटिंग नहीं करेंगे। सरकार ने फेडेरशन की ये संस्तुति मानकर दिशा निर्देश जारी कर दिए। अब शनिवार को सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिनटा) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनोज जोशी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर इस दिशा निर्देश को हटवाने की गुहार लगाई है।
राज्यपाल से हुई इस मुलाकात में मनोज जोशी ने उन्हें इस नियम के चलते आर्थिक और व्यावहारिक रूप से आ रही सभी दिक्कतों के बारे में विस्तार से बताया। मनोज ने कहा कि सिनटा के कई सीनियर कलाकार ऐसे हैं जो अपने परिवार का खर्चा उठाते हैं। पिछले तीन महीने से इन लोगों के पास कोई काम नहीं है। इसके अलावा कुछ प्रोजेक्ट्स में इन सीनियर कलाकारों के बिना कंटिन्यूटी की दिक्कत आ रही है। निर्माताओं के सामने परेशानी ये है कि वे इन सीनियर कलाकारों को बदल भी नहीं सकते।
राज्यपाल से मुलाकात होने के बाद मनोज ने बताया कि हम लोगों के बीच लगभग 40 मिनट तक बातचीत हुई। यह बातचीत काफी सकारात्मक रही है और उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वह जैसे भी हो सके हमारी मदद करने की कोशिश करेंगे। उन्हें सिनटा की तरफ से भेजा हुआ पत्र भी मिल गया है। सिनटा की तरफ से ऐसे ही पत्र मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी भेजे गए हैं।
बता दें कि लॉकडाउन के बाद फिल्मों और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग शुरू करने की अनुमति देने से पहले महाराष्ट्र सरकार ने फिल्म यूनियनों और फेडरेशन से सुझाव मांगे थे। इसमें फिल्म व टीवी निर्देशकों की यूनियन के अध्यक्ष अशोक पंडित की अगुआई में बनी समिति ने 65 साल से ऊपर के कलाकारों के तीन महीने तक काम न करने की पाबंदी का भी सुझाव दिया था। सरकार ने जब फेडरेशन व यूनियनों की सुझाई बातों पर दिशा निर्देश जारी किए तो उसमें ये निर्देश भी जारी हो गया। लेकिन, अब इस नियम के चलते न कौन बनेगा करोड़पति की शूटिंग पर अमिताभ बच्चन जा सकते हैं और न ही दूसरे वरिष्ठ कलाकार काम पर वापस लौट सकते हैं।
पढ़ें: नासिक यात्रा को लेकर विवाद में फंसे अक्षय कुमार, महाराष्ट्र सरकार ने दिए जांच के आदेश