Come Fall in Love: आदित्य चोपड़ा के 'कम फॉल इन लव' की होगी 14 सितंबर से शुरुआत, डीडीएलजे का दिखेगा तड़का
'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' 20 अक्टूबर 1995 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में शाहरुख खान और काजोल ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। इस फिल्म के बाद दोनों कलाकार रातोंरात स्टार बन गए थे।
विस्तार
बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा की 'कम फॉल इन लव' जो उनकी क्लासिक फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का संगीतमय रूपांतरण है सैन डिएगो के द ओल्ड ग्लोब थिएटर में 14 सितंबर से शुरू होगा। इसकी जानकारी यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) ने अपने ट्विटर हैंडल से दी है।
कंपनी की ओर से साझा किए गए नोट में लिखा है, 'आदित्य चोपड़ा का ब्रॉडवे-बाउंड म्यूजिकल 'कम फॉल इन लव' 14 सितंबर को द ओल्ड ग्लोब, सैन डिएगो में शुरु होने के लिए तैयार है। इसका आधिकारिक उद्घाटन बुधवार, 14 सितंबर को है और यह 16 अक्टूबर तक चलेगा।'
विज्ञापन विज्ञापन
नोट में आदित्य चोपड़ा की ओर से यह भी बताया गया है कि फिल्म के म्यूजिकल वर्जन के पीछे का उद्देश्य भारतीय संस्कृति को विश्व दर्शकों के सामने प्रदर्शित करना है। इस संगीत रुपांतरण में एक भारतीय लड़की सिमरन और एक अमेरिकी रोजर के जीवन की कहानी को दिखाया जाएगा।
इस बारे में आदित्य चोपड़ा ने कहा, 'कम फॉल इन लव एक भारतीय-अमेरिकी सिमरन की कहानी है। जो रोजर से प्यार करती है। वह अपने प्यार के साथ भारतीय परंपरा और अपने परिवार के लिए अपने प्यार को संतुलित करने के लिए संघर्ष करती है। वहीं रोजर एक अमेरिकी व्यक्ति है जो सिमरन के प्यार में पागल हो जाता है। इस दौरान उसे उसकी संस्कृति और उसके देश से प्यार हो जाता है। इस वजह से वह भारत आ जाता है और यहां जीवन जीने के तरीके और भारतीय मूल्यों को देखकर उसमें काफी बदलाव आ जाते हैं। इसी के साथ आदित्य ने यह भी जानकारी दी है कि वह इसका निर्देशन नहीं कर रहे हैं।
आदित्य चोपड़ा ने यह भी खुलासा किया कि फिल्म की कहानी को एक नए युग में नए दर्शकों के सामने पेश करने के लिए इसमें कुछ बदलाव किए गए हैं। बता दें कि आदित्य ने इस संगीत रुपांतरण की घोषणा अक्तूबर 2021 में की थी। गौरतलब है कि 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' 20 अक्टूबर 1995 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में शाहरुख खान और काजोल ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। इस फिल्म के बाद दोनों कलाकार रातोंरात स्टार बन गए थे।