'तुम बकवास करती हो', रणवीर सिंह का समर्थन करने पर कंगना पर अशोक पंडित का पलटवार; कहा- लोग हमें गाली दे रहे
Ashoke Pandit On Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने ‘डॉन 3’ विवाद पर रणवीर सिंह का समर्थन किया था। इसके बाद अब अशोक पंडित ने कंगना पर पलटवार किया है। जानिए उन्होंने कंगना को लेकर क्या कुछ कहा…
विस्तार
रणवीर सिंह का ‘डॉन 3’ विवाद लगातार चर्चाओं में बना हुआ है और सुर्खियां बटोर रहा है। बीते दिन कंगना रनौत ने भी इस मामले में रणवीर सिंह का समर्थन किया था। अब आज FWICE ने रणवीर पर जारी किए गए असहयोग निर्देश को वापस ले लिया है। इसके बाद FWICE के मेंबर अशोक पंडित ने कंगना रनौत के बयान पर प्रतिक्रिया दी है।
लोग बिना मामला जाने हमें गाली दे रहे
एचटी सिटी से बात करते हुए अशोक पंडित ने कहा कि इंडस्ट्री के कई लोग मामले को पूरी तरह समझे बिना ही उस पर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के कई लोगों ने हमें गाली देना शुरू कर दिया है। कल कंगना ने भी कुछ कहा। लोग पूरे मामले को नहीं समझ पा रहे हैं और लोग बस टिप्पणी कर रहे हैं।
कंगना ने यह भी कहा कि मुझे भी इंडस्ट्री से बैन कर दिया गया है। मैंने कहा, 'तुम बकवास करती हो, इसीलिए मैंने तुम्हें बैन किया है।' मुझे परवाह नहीं है। यहां इंडस्ट्री का एक बड़ा मुद्दा है। तुम्हें तो इस मुद्दे की जानकारी भी नहीं है। तुम बस बातें बना रहे हो। हम रणवीर के खिलाफ नहीं हैं। हम सिर्फ जो हुआ है, उसके बारे में बात कर रहे हैं।
हमें रणवीर सिंह से व्यक्तिगत रूप से कोई दिक्कत नहीं
अशोक पंडित ने कहा कि FWICE को रणवीर सिंह से व्यक्तिगत रूप से कोई दिक्कत नहीं है। बल्कि यह मामला प्रोफेशनल कमिटमेंट से संबंधित है। ऐसे विवादों के किसी प्रोजेक्ट से जुड़े प्रोड्यूसर्स, कर्मचारियों और तकनीशियनों पर पड़ने वाले प्रभाव से संबंधित है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर प्रतिक्रिया देने से पहले लोगों को उन परिस्थितियों को समझना चाहिए जिनके कारण फेडरेशन ने यह कदम उठाया है।
बीते दिन कंगना रनौत ने 'भारत भाग्य विद्धता' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान रणवीर सिंह का समर्थन किया था। FWICE द्वारा रणवीर के खिलाफ असहयोग निर्देश के बारे में पूछे जाने पर कंगना ने कहा था, ‘आप मुझसे पूछ रहे हैं, मुझे हर किसी ने बैन कर दिया है। मैं कहना चाहूंगी कि जब हैसियत बढ़ती है तो दुश्मन भी बढ़ते हैं।
तो अब ऐसा नहीं हो सकता कि आपकी हैसियत बढ़े और दुश्मन न बढ़े। तो आज रणवीर सिंह को सोचना चाहिए कि उनकी कितनी हैसियत बढ़ी है, तभी तो उनके इतने दुश्मन हैं। जिंदगी में जब आप आगे बढ़ते हैं तो कई तरह की बाधाएं आती हैं। आज मैं अच्छा कर रही हूं। तो ठीक है, कुछ नहीं होगा, आखिरकार सब ठीक हो जाएगा।'