बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने लंबे फिल्मी करियर में कई बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम कर चुके हैं। बिग बी एक और अवार्ड अपने नाम करने वाले हैं। अमिताभ बच्चन को 19 मार्च को ‘इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ फिल्म आर्काइव्स’ द्वारा 2021 एफआईएएफ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। बिग बी को इस अवॉर्ड से मशहूर इंटरनेशनल डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन और मार्टिन स्कॉसीजी सम्मानित करेंगे।
अभिनेता भारतीय सिनेमा के पहले शख्स हैं, जिन्हें विश्व फिल्म जगत में उनके योगदान के लिए एफआईएएफ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अभिनेता मार्टिन स्कॉसीजी और क्रिस्टोफर नोलन 19 मार्च को एक ऑनलाइन कार्यक्रम में बिग बी को सम्मानित करेंगे। स्कॉसीजी और नोलन को भी एफआईएएफ पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
अमिताभ को यह अवॉर्ड वर्ल्ड फिल्म हेरिटेज के संरक्षण में उनके समर्पण और योगदान के लिए दिया जाएगा। बिग बी इस अवॉर्ड को पाने वाले पहले भारतीय होंगे। अमिताभ को एफआईएएफ से जुड़े फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा नामित किया गया है। इस संस्था को फिल्म निमार्ता और आर्काइविस्ट शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर ने स्थापित किया था। यह एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो भारत की फिल्मी विरासत के संरक्षण, पुनर्स्थापन, प्रलेखन, प्रदर्शनी और अध्ययन के लिए काम करता है।
एफआईएएफ के अध्यक्ष फ्रेडेरिक मेरे ने एक बयान में कहा कि इस साल एफआईएएफ का 20वां वार्षिक पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर को यादगार बनाने में दुनिया के सबसे बड़े फिल्म सितारे से बेहतर कोई नहीं हो सकता... जिन्होंने कई साल तक फिल्म संरक्षण को अपनाया, उसे समझा और उसका प्रचार किया। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन को प्रतिष्ठित एफआईएएफ पुरस्कार से सम्मानित करके हम दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि फिल्म विरासत कितनी समृद्ध और विविधता से भरी है।
वहीं, ये सम्मान मिलने को लेकर अमिताभ ने आभार भी जताया है। अमिताभ ने कहा कि 'वर्ष 2021 के लिए एफआईएएफ पुरस्कार प्राप्त करने को लेकर मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह एक ऐसी चीज जिसके लिए मैं गहराई से प्रतिबद्ध हूं। हमें इस विचार को मजबूत करना होगा कि फिल्म संग्रह उतना ही आवश्यक है जितना कि फिल्म निर्माण।'