चौंक गईं ऐश्वर्या जब एक गुंडे ने पकड़ लिया उनका गला!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऐश्वर्या राय बच्चन तक पहुंचना ही बेहद मुश्किल है, फिर आखिर किसके हाथ उनके गले तक पहुंच गए? यह मामला है निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता की फिल्म जज्बा का।
जज्बा फिलहाल इस बात के लिए चर्चा में है कि इस फिल्म से ऐश्वर्या पांच साल बाद बॉलीवुड में कमबैक करने जा रही हैं। फिल्म की शूटिंग फरवरी से शुरू हो चुकी है और इसमें पूर्व विश्व सुंदरी एक ऐसे वकील की भूमिका में है, जो मौत की सजा पाए एक खूंखार अपराधी का मुकदमा लड़ रही हैं। इस अपराधी के रोल में चंदन रॉय सान्याल हैं।
अपराधी ने की ऐश का गला दबाने की कोशिश
मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार, फिल्म की शूटिंग में ही हाल में चंदन और ऐश्वर्या पर ऐसे दृश्य फिल्माए गए जिनमें चंदन ऐश्वर्या का गला पकड़ लेते हैं।
चंदन के अनुसार, ‘यह हमारी शूटिंग का पहला सीन था। मैं एक तरफ खूंखार अपराधी हूं और दूसरी तरफ मिसेज बच्चन मेरी वकील हैं। वैसे मेरा मुकदमा लड़ने के बावजूद वह मुझसे नफरत करती हैं। क्यों? यह आपको फिल्म में पता चलेगा।
परंतु फिल्म में ऐसे सीन हैं जहां हम दोनों के बीच झगड़ा होता है। यहां न केवल भावनाओं का उफान है बल्कि यह लड़ाई शारीरिक भी हो जाती है।’
चंदन याद करते हैं कि कैसे वह उस समय चौंक गए थे जब निर्देशक ने समझाया था कि इस लड़ाई के सीन में उनके हाथ ऐश्वर्या की गर्दन तक पहुंच जाएंगे और वह उनका गला दबाने तक की कोशिश करेंगे।
पांच टेक में पूरा हो सका सीन
मीडिया ने चंदन के हवाले से लिखा गया है, ‘इस सीन को सुन कर ही मैं बहुत नर्वस हो गया था।’ उन्होंने बताया, ‘शूटिंग से पहले मैं ऐश्वर्या के पास गया और उनसे कहा कि मैं इस बात की कल्पना तक नहीं कर सकता कि आपको चोट पहुंचाऊं।’
फिर कैसे उन्होंने यह सीन शूट किया? चंदन ने बताया, ‘अपने मन की बात मैंने उनसे कही और फिर अपना हाथ उनकी गर्दन पर रख दिया और हम लोग हंस पड़े। इस तरह से हमारे बीच सीन के लिए माहौल सहज हुआ।’
ऐश्वर्या के गले पर चंदन के हाथों के दबाव वाला यह सीन पांच टेक में पूरा हुआ। चंदन इन दिनों ऐश्वर्या की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। उनका कहना है कि वह बहुत ही सहज और अन्य दूसरे अभिनेताओं की तरह हैं। फिल्म की शूटिंग का नया दौर 24 मार्च से शुरू होगा।
ताकि ऐश्वर्या को सैट पर न हो कोई परेशानी
जज्बा के सैट से आ रही खबरों की मानें तो ऐश्वर्या को किसी किस्म की परेशानी न हो इस बात का पूरा खयाल रखा जा रहा है। पता चला है कि संजय गुप्ता ने सेट पर लोगों के सिगरेट पीने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है ताकि वातावरण प्रदूषित न हो।
बताया जा रहा है कि सैट पर धुएं के कारण ऐक्टरों को परेशानी हो रही थी। ऐसे में संजय गुप्ता ने फरमान जारी किया कि जिन्हें भी सिगरेट पीनी है वे बाहर जाएं, सैट पर कोई सिगरेट-बिड़ी नहीं जलाएगा।
फिल्म से जुड़े लोगों की मानें तो काम इतनी तेजी से चल रहा है कि लोगों को सैट छोड़ कर जाने का मौका ही नहीं मिलता। इस तरह से कई लोगों की धूम्रपान की लत भी धीरे-धीरे कम हो गई है। कुछ लोग तो मान रहे हैं कि इसे बहाने सही, उनकी यह बुरी आदत छूट जाएगा।