Adarsh Gourav: आदर्श गौरव शनाया कपूर के साथ जल्द करेंगे ‘तू या मैं’ की शूटिंग, फिल्म के टीजर की हुई खूब चर्चा
बेजॉय नांबियार की फिल्म ‘तू या मैं’ का टीजर कुछ महीनों पहले रिलीज हुआ, इसमें शनाया कपूर और आदर्श गौरव नजर आए थे। इस टीजर की काफी चर्चा भी हुई। जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू होने वाली है। इस बात की जानकारी एक्टर आदर्श गौरव ने दी है।
विस्तार
फिल्म ‘तू या मैं’ एक सर्वाइवल थ्रिलर है। फिल्म में दर्शको को प्यार, रोमांस के अलावा सस्पेंस भी देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी का जहां तक सवाल है तो इसमें दो इंफ्लुएंसर हैं, जो एक मुश्किल में फंस जाते हैं, इस दौरान उनका सामना मौत से होता है। इस स्टोरी लाइन के साथ फिल्म ‘तू या मैं’ बन रही है। जल्द ही इसकी शूटिंग आदर्श गौरव और संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर करेंगे।
इस महीने से शुरू होगी शूटिंग
हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स से की गई एक बातचीत में आदर्श गौरव कहते हैं, ‘मैं इस फिल्म की शूटिंग को लेकर काफी एक्साइटेड हूं। फिल्म की शूटिंग जून में शुरू होगी। मैंने इस तरह की फिल्म पहले नहीं की है, यह बिल्कुल अलग जॉनर की फिल्म है।’
निर्देशक बेजॉय-शनाया के साथ काम करके खुश
आदर्श गौरव आगे कहते हैं, ‘बेजॉय नांबियार के साथ काम करना कमाल का अनुभव है, उनकी सिनेमा की समझ बिल्कुल अलग है। वहीं शनाया कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करना भी खास एक्सपीरियंस है। मैं बहुत एक्साइटेड हूं, दर्शकों को यह बताने के लिए हम क्या नया बना रहे हैं।’
आदर्श गौरव-शनाया के बाकी प्रोजेक्ट्स
आदर्श गौरव के करियर फ्रंट की बात करें तो वह हाल ही में फिल्म ‘सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव’ में नजर आए थे। वहीं फिल्म ‘तू या मैं’ के अलावा शनाया कपूर को हाल ही में एक और फिल्म मिली है। इस फिल्म का नाम ‘जेसी' है। इसके अलावा वह विक्रांत मैसी के साथ एक फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ की भी कर रही हैं। इसी फिल्म से शनाया का डेब्यू बॉलीवुड में हो रहा है।