Adah Sharma: द केरल स्टोरी में काम करने को लेकर अदा शर्मा का खुलासा, बोलीं- कई रात तक नहीं आई नींद
अभिनेत्री ने बताया कि जब मुझे इस फिल्म की कहानी सुनाई गई तो यह मुझे बहुत डरावनी लगी। मैं कई रात तक सो नहीं सकी और इसके बारे में ही सोचती रही।
विस्तार
अदा शर्मा अब तक कई बॉलीवुड फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेर चुकी हैं। एक्ट्रेस जल्द ही द केरल स्टोरी में नजर आने वाली हैं। उनके फैंस को इस फिल्म का लंबे समय से इंतजार है। इस बीच अदा ने अपने रोल के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने खुलासा किया कि फिल्म की कहानी सुनने के बाद कई रात तक वह सो नहीं सकी थीं।
कई रात तक नहीं आई नींद
अभिनेत्री ने बताया, ''जब मुझे इस फिल्म की कहानी सुनाई गई तो यह मुझे बहुत डरावनी लगी। मैं कई रात तक सो नहीं सकी और इसके बारे में ही सोचती रही। मैं आभारी हूं कि मुझे इस तरह की फिल्म में काम करने का मौका मिला।'' बता दें कि अदा इस फिल्म में फातिमा बा के किरदार में नजर आने वाली हैं। वह एक मलयाली नर्स की भूमिका में दिखेंगी जो इस्लाम धर्म कबूल कर इस्लामिक स्टेट में शामिल हो जाती है। वह उन 32 हजार महिलाओं में एक है जो गायब चुकी है आईएस की आतंकी बन चुकी है।
इस वजह से मिला ऑफर
लीड रोल निभाने को लेकर अदा ने कहा कि केरल स्टोरी एक हिंदी फिल्म है, इसलिए मेकर्स एक ऐसी बॉलीवुड अभिनेत्री चाहते थे जो हिंदी और मलयालम बोल सके। मैं एक मलयाली हूं, इसलिए मैं दोनों भाषाएं बोलती हूं। यही एक कारण था कि उन्हें लगा कि मैं इस भूमिका के लिए फिट हूं। फिल्म से जुड़े विवाद पर बात करते हुए अदा ने कहा कि विपुल शाह और सुदिप्तो अनेकों फिल्में बना चुके हैं। फिल्म में वह सभी आंकड़े सामने रखेंगे। जब लोग इस फिल्म को देखेंगे तो उनके सारे सवालों के जवाब इस फिल्म से मिल जाएंगे। अदा के एक्टिंग करियर की बात करें तो उन्होंने अपनी शुरुआत साल 2008 की फिल्म 1920 से की थी। इस फिल्म के बाद वह कई बड़े सितारों के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर चुकी हैं। कमांडो 3 में वह आखिरी बार नजर आई थीं।