Cannes 2025: सिमी ग्रेवाल ने अपने Cannes रेड कार्पेट लुक की दिखाई झलक, इस फिल्म की स्क्रीनिंग में होंगी शामिल
60-70 के दशक की मशहूर अदाकारा सिमी ग्रेवाल आज भी अपनी खूबसूरती को लेकर चर्चा में रहती हैं। जल्द ही वह कान फिल्म फेस्टिवल में भी नजर आएंगी। हाल ही में सिमी ग्रेवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने कान फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट लुक की झलक दिखा रही हैं।
विस्तार
आज यानी मंगलवार 13 मई 2025 से कान फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत हो चुकी है, यह इवेंट 24 मई तक चलेगा। इस फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर कई बॉलीवुड सितारे भी नजर आएंगे। सिमी ग्रेवाल भी रेड कार्पेट की शोभा बढ़ाएंगी। एक्ट्रेस का ड्रेसअप कान फिल्म फेस्टिवल में कैसा होगा? इसकी झलक उन्होंने एक इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए फैंस के साथ साझा की।
इस फिल्म की स्क्रीनिंग में होंगी शामिल
निर्देशक सत्यजीत रे की फिल्म ‘अरण्येर दिन रात्रि(1970)’ के रीस्टोर वर्जन की स्क्रीनिंग कान फिल्म फेस्टिवल में होने वाली है। इस फिल्म की स्क्रीनिंग के मौके पर सिमी ग्रेवाल कान फिल्म फेस्टिवल में जा रही हैं क्योंकि वह भी इसका हिस्सा रही हैं।
इस इवेंट के रेड कार्पेट पर सिमी का लुक कैसा होगा? यह भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करके बताया। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी सिमी ग्रेवाल ने लिखा, जिसमें वह लिखती हैं, ‘मैंने आखिरकार तय कर लिया है कि कान फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट के लिए मेरा ड्रेसअप कौन डिजाइन करेगा।’ इसके बाद वह अपने डिजाइनर ब्रॉन्ड का नाम साझा करती हैं। सिमी ग्रेवाल 19 मई को कान फिल्म फेस्टिवल में नजर आएंगी।
https://www.instagram.com/reel/DJjQkKcocAW/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
चर्चित फिल्म रही है अरण्येर दिन रात्रि'अरण्येर दिन रात्रि' फिल्म को सत्यजीत रे ने 1970 में बनाया था। यह एक एडवेंचर ड्रामा फिल्म थी, जो सुनील गंगोपाध्याय के इसी नाम के नॉवेल पर बनीं। इस फिल्म को 20वें बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फिल्म (गोल्डन बियर कैटेगिरी) के लिए नॉमिनेट किया गया था। अब यह फिल्म कान फिल्म फेस्टिवल 2025 में दिखाई जाएगी।