Shabana Azmi: शबाना आजमी ने फेमिनिज्म पर साझा किया नजरिया, बोलीं, ‘समाज आज भी पितृसत्तात्मक है’
इन दिनों शबाना आजमी एक वेब सीरीज ‘डिब्बा कार्टेल’ में दमदार भूमिका निभाने को लेकर चर्चा में हैं। यह सीरीज महिला किरदारों के ईद-गिर्द ही घूमती है। शबाना आजमी ने हाल ही में नारीवाद यानी फेमिनिज्म जैसे विषय पर भी अपने विचार साझा किए हैं।
विस्तार
सीरीज 'डिब्बा कार्टेल' में शबाना आजमी, ज्योतिका, शालिनी पांडे, अंजलि आनंद और निमिषा सजयन जैसी अभिनेत्रियों ने अहम किरदार निभाए हैं। इस सीरीज को लेकर ही शबाना आजमी कई इंटरव्यू दे रही हैं। अपने अनुभव साझा कर रही हैं। हाल ही में ‘डिब्बा कार्टेल’ सीरीज को लेकर हुई एक बातचीत में शबाना ने नारीवाद विषय पर भी चर्चा की है। क्या कहा बॉलीवुड की इस दिग्गज अभिनेत्री ने जानिए?
नारीवाद के चश्मे से दुनिया को देखना
एएनआई से की गई हालिया बातचीत में शबाना आजमी ने नारीवाद और लैंगिक समानता जैसे विषयों पर बात की। वह कहती हैं, ‘हम महिलाओं को दुनिया को नारीवाद के चश्मे से ही देखना होता है, इसके अलावा हमारे पास विकल्प ही क्या है? वैसे इस बात को महिला और पुरुष दोनों को समझने की जरूरत है।’
आज भी बरकरार है पितृसत्ता
शबाना आजमी बताती हैं कि वह ऐसे माहौल में पली-बढ़ी हैं, जहां महिलाओं को समान अवसर मिले। उन्हें पूरी स्वतंत्रता मिली। यही कारण है कि शबाना आजमी अपने जीवन में एक अलग मुकाम हासिल कर सकीं। वह मानती हैं कि समाज ऐसी स्थिति नहीं है। शबाना आजमी कहती हैं, ‘समाज आज भी पितृसत्ता वाली सोच से घिरा है।’
शबाना को किया गया सम्मानित
शबाना आजमी को पिछले दिनों लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। बेंगलुरु में आयोजित 16वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अभिनेत्री शबाना आजमी को सम्मानित किया। इस मौके पर पति और गीतकार-लेखक जावेद अख्तर भी शबाना आजमी के साथ नजर आए, वह काफी खुश दिख रहे थे।