Ayushmann Khurrana: आयुष्मान ने अरिजीत को दिया लाइव गाने का श्रेय, बोले-उनकी वजह से बैंड बनाने की इच्छा हुई
आयुष्मान खुराना ने हाल ही में अमेरिका के पांच शहरों में अपना म्यूजिक टूर पूरा किया है। शिकागो, न्यूयॉर्क, सैन जोस, न्यू जर्सी और डलास में उन्होंने अपने फैंस के सामने बेहतरीन गाने गाए। वह पहले भी अपनी फिल्मों में गाने गा चुके हैं, लेकिन लाइव गाने की बात अलग होती है। इस काम के लिए उन्हें हिम्मत और अपना म्यूजिक बैंड की प्रेरणा सिंगर अरिजीत सिंह से मिली। इस बारे में हाल ही में आयुष्मान ने बताया।
अरिजीत ने लाइव गाने को कहा
आयुष्मान कहते हैं, 'मैं हमेशा सोचता था कि एक अभिनेता के तौर पर अच्छा काम कर रहा हूं। मैं फिल्मों में गा सकता हूं, लेकिन हजारों लोगों के सामने मंच पर गाने के बारे में कभी नहीं सोचा था। मेरी पहली लाइव सिंगिंग परफॉर्मेस का सारा श्रेय सिंगर अरिजीत सिंह को जाता है। फिल्म 'विक्की डोनर' की सफलता और बेस्ट सिंगर के लिए फिल्मफेयर जीतने के बाद अरिजीत सिंह ने मुझे 2013 में अपने पास बुलाया। डलास के दिवाली मेले में उनकी परफॉर्मेंस होने वाली थी, लेकिन किसी वजह से वह नहीं जा पाए, उनका बैंड डलास पहुंच गया था। तब उन्होंने मुझसे वहां परफॉर्म करने की रिक्वेस्ट की। मैंने उन्हें बताया कि हमेशा अपने लिए या किसी पार्टी में अपने दोस्तों के लिए गाता हूं। उन्होंने फिर से रिक्वेस्ट की। मैं अरिजीत का फैन रहा हूं तो आखिर में उनकी बात मान ली।
लाइव गाने का अनुभव बताया
आयुष्मान खुराना अपने लाइव गाने के अनुभव के बारे में भी बताते हैं। वह कहते हैं, 'मैं कॉन्सर्ट के लिए गया और स्टेडियम लगभग पचास हजार लोगों से भरा हुआ था। यह मेरे लिए बड़ी बात थी। मैंने अरिजीत के बैंड के साथ लगभग 10 गाने गाए। लोगों ने मुझे बहुत अच्छा रेस्पॉन्स दिया। इसके बाद मैंने लाइव गाना गाने का मन बना लिया। मैंने सोचा कि अपना खुद का बैंड बनाना चाहिए और लाइव सिंगिंग करनी चाहिए। यह सबकुछ मुमकिन ना होता अगर अरिजीत ने मुझे गाने के लिए मोटिवेट ना किया होता।
हॉरर फिल्म में आएंगे नजर
आयुष्मान लाइव गाने के अलावा फिल्मों में अभिनय भी कर रहे हैं। वह मैडॉक की हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा बन रहे हैं। उनकी अगली फिल्म 'थामा' में आयुष्मान नजर आएंगे। हाल ही में उन्होंने धर्मा और सिख्या प्रोडक्शंस के साथ एक अनाम फिल्म भी साइन की है।