Akanksha Mohan: सवालों में मॉडलिंग की दुनिया, एक और मॉडल ने लगाई फांसी, बीते महीनों में खुदकुशी का छठा मामला
मायानगरी मुंबई में 40 साल की एक मॉडल ने आत्महत्या कर ली। मॉडल ने पंखे से लटकर अपनी जान दी है। पुलिस को जांच में एक सुसाइड नोट मिला है।
विस्तार
मायानगरी मुंबई अपनी चकाचौंध के लिए जानी जाती है, जहां पर रोजाना लाखों लोग सिर्फ अपने सपने पूरे करने आते हैं और इनमें ज्यादातर लोग वो होते हैं, जो किसी न किसी तरह मनोरंजन जगत से जुड़े होते हैं। वहीं, अब इसी इंडस्ट्री से एक शॉकिंग खबर सामने आई है। मुंबई में 40 साल की एक मॉडल ने अपनी जान ले ली। इस मॉडल ने अपने पीछे एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उन्होंने अपनी आत्महत्या की वजह बताई है।
जानकारी के मुताबिक, मॉडल का नाम आकांक्षा बताया जा रहा है और वह मुंबई के अंधेरी इलाके के चार बंगला स्थित एक होटल के कमरे में किराए पर रहने आई थीं लेकिन यहां पर आकर आकांक्षा ने कमरे के पंखे से लटकर अपनी जा दे दी। यह पूरा मामला वर्सोवा पुलिस ने ADR के तहत दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया है कि मॉडल आकांक्षा लोखंडवाला की यमुना नगर सोसायटी की रहने वाली हैं और उन्होंने बुधवार करीबन दोपहर 1 बजे होटल में चेकइन किया था। इसके बाद आकांक्षा ने रात का खाना भी मंगवाया था।
ये भी पढ़ें:- Puja Sarkar Death: दोस्त से मुलाकात, आधी रात बॉयफ्रेंड का फोन; ऐसा क्या हुआ कि पंखे से लटक गईं 21 साल की मॉडल
मॉडल ने पीछे छोड़ा सुसाइड नोट
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौत से पहले मॉडल ने एक सुसाइड नोट लिखा था, जो जांच में मिल गया है। उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार किसी को नहीं ठहराया है। मॉडल ने नोट लिखा है, मैं माफी चाहती हूं, इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। बस मैं खुश नहीं हूं और अब मुझे शांति चाहिए। हालांकि, पुलिस ने इस मामले को संदिग्ध मानते हुए अपनी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें:- Manjusha Niyogi: एक और एक्ट्रेस ने किया सुसाइड, घर में फंदे से लटका मिला शव
कई मॉडल्स भी उठा चुकी हैं यह कदम
बता दें कि मॉडलिंग की दुनिया से सामने आया यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कोलकाता में कई मॉडल्स ने मौत को गले लगाया था। बीते कुछ महीनों में आकांक्षा से पहले पूजा सरकार, बिदिशा डे मजुमदार, पल्लवी डे, मंजुषा नियोगी और सरस्वती दास की आत्महत्या से इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया था।