बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुसीबत में खेसारी; ठाणे स्थित बंगले के अवैध निर्माण पर नगरपालिका ने भेजा नोटिस
Khesari Lal Yadav: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। कल 06 नवंबर को पहले चरण के लिए वोटिंग होगी। खेसारी आरजेडी की तरफ से छपरा सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। इस बीच वे नई मुसीबत में घिर गए हैं। नौबत अभिनेता के मुंबई स्थित घर पर बुलडोजर चलने की आ गई है।
विस्तार
अभिनेता खेसारी लाल यादव बिहार के छपरा से चुनाव लड़ रहे हैं। वे आरजेडी के उम्मीदवार हैं। कल 06 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोट पड़ेंगे। मगर, इससे पहले खेसारी की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, अभिनेता को मुंबई के ठाणे के मीरा भायंदर नगर निगम से नोटिस जारी हुआ है। यह उनके मीरा रोड स्थित बंगले में अवैध निर्माण को लेकर है।
क्या चुनाव के बीच मुंबई लौटेंगे सुपरस्टार?
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, छपरा से आरजेडी उम्मीदवार भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को ठाणे के मीरा भायंदर नगर निगम ने मीरा रोड स्थित एक बंगले में अवैध निर्माण को तोड़ने का नोटिस जारी किया है। ऐसे में क्या अभिनेता बिहार में चुनाव के बीच मुंबई लौटेंगे?
नगर पालिका लेगी एक्शन?
अभिनेता खेसारी लाल के मीरा रोड स्थित बंगले में कुछ अवैध निर्माण को लेकर मीरा भायंदर महानगर पालिका ने एक्टर को नोटिस भेजकर अवैध निर्माण तोड़कर हटाने को कहा है। अगर भोजपुरी सुपरस्टार खुद इसे नहीं हटाएंगे तो महानगर पालिका इसे तोड़ने का एक्शन लेगी। उसका खर्च भी खेसारी लाल यादव से वसूला जाएगा।
कब जारी हुआ नोटिस?
अभिनेता को यह नोटिस 03 नवंबर को जारी किया गया। इसमें लिखा गया है कि मीरा रोड पर जुन्या पेट्रोल पंप के पास स्थित शत्रुघ्न कुमार यादव उर्फ खेसारी लाल यादव के बंगले में निर्माण के मानक नियमों का उल्लंघन किया गया है। खास बात यह है कि यह नोटिस उस समय जारी किया गया, जब खेसारी बिहार में आरजेडी के टिकट से छपरा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
छपरा सीट पर भाजपा उम्मीदवार से खेसारी का मुकाबला
बिहार चुनाव में खेसारी लाल यादव की छपरा सीट पर भाजपा की उम्मीदवार से कड़ी टक्कर है। बीजेपी के टिकट पर यहां से छोटी कुमारी चुनाव लड़ रही हैं, जिनके प्रचार में पवन सिंह ने खूब रैली और सभाएं की हैं। यह सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ रही है। मगर, खेसारी लाल की लोकप्रियता भी कम नहीं है। ऐसे में मुकाबला टक्कर का माना जा रहा है।