Batwara First look: फिर विभाजन की त्रासदी दिखाएंगे सनी देओल, सामने आई फिल्म 'बंटवारा 1947' की पहली झलक
Batwara 1947 Release Date: सनी देओल और प्रीति जिंटा अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म की रिलीज डेट का एलान हो गया है। इस फिल्म को 'लाहौर 1947' कहा जा रहा था। मगर, इसका आधिकारिक टाइटल 'बंटवारा 1947' है।
विस्तार
सनी देओल और प्रीति जिंटा की फिल्म का दर्शकों के बीच गजब का उत्साह है। जब से इस फिल्म का एलान हुआ है, तब से इससे जुड़ी हर अपडेट पर नजर है। पहले इसे 'लाहौर 1947' कहा जा रहा था। मगर, फिल्म का आधिकारिक टाइटल 'बंटवारा 1947'है।
आजादी के पर्व पर रिलीज होगी फिल्म
फिल्म 'बंटवारा 1947' की रिलीज डेट से पर्दा उठा दिया गया है। यह फिल्म इस साल आजादी के पर्व पर रिलीज होगी। आमिर खान प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर फिल्म की रिलीज डेट का एलान किया है। पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा है, 'नफरत और डर के माहौल में, उन्होंने हिम्मत का रास्ता चुना। 14 अगस्त 2026 से सिनेमाघरों में 'बंटवारा' देखें'।
विज्ञापन विज्ञापन
A post shared by Aamir Khan Productions (@aamirkhanproductions)
मशाल थामे नजर आए सनी देओल
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिल्म सिनेमाघरों में सजेगी। यह फिल्म भी इसी विषय पर आधारित है। इसमें भारत और पाकिस्तान के विभाजन की कहानी देखने को मिलेगी। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म इमोशंस से भरपूर होगी। फिल्म की रिलीज डेट का एलान मेकर्स ने टीजर के साथ किया है। यह काफी मार्मिक है। सनी देओल हाथों में मशाल थामे नजर आ रहे हैं। प्रीति जिंटा और अन्य कलाकार भी हैं। सभी के चेहरों पर एक दहशत नजर आ रही है। टीजर यह समझने के लिए काफी है कि बंटवारे की आंच में जिंदगियां किस कदर झुलसी थीं।
दर्शक हुए उत्साहित, दी ऐसी प्रतिक्रिया
इस फिल्म के निर्देशन और स्क्रीनप्ले की जिम्मेदारी राजकुमार संतोषी के कंधों पर है। वहीं, फिल्म का निर्माण आमिर खान कर रहे हैं। फिल्म की पहली झलक देखने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया सामने आई है। यूजर्स लिख रहे हैं कि क्या ही शानदार कॉम्बो है। सनी देओल, राजकुमार संतोषी, आमिर खान और एआर रहमान का संगीत। धमाल होगा। यूजर्स फिल्म के बॉक्स ऑफिस को लेकर भी कयास लगाने लगे हैं।