आईआईटी खड़गपुर: आईआईटी जैम 2027 के शेड्यूल में हुआ बदलाव, अब इस दिन शुरू होगा पंजीकरण, कब होगी परीक्षा?
IIT JAM 2027: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर ने जैम 2027 परीक्षा का इंफॉर्मेशन बुलेटिन जारी कर दिया है। आवेदन की तिथियों में संशोधन किया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार, आवेदन 12 सितंबर से शुरू होंगे। परीक्षा 14 फरवरी 2027 को देश के 114 शहरों में होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
IIT JAM 2027: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने मास्टर्स के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2027 (जेएएम 2027) की विवरणिका जारी कर दी है। संस्थान ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कार्यक्रम में भी बदलाव किया है। अब अभ्यर्थी 12 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन आधिकारिक परीक्षा वेबसाइट jam.iitkgp.ac.in के माध्यम से करना होगा। इस परीक्षा के जरिए परास्नातक विज्ञान और इससे जुड़े पाठ्यक्रमों में दाखिले का अवसर मिलता है।
अभ्यर्थी परीक्षा में उपलब्ध सात विषयों में से एक या दो प्रश्नपत्र चुन सकते हैं। यदि दो प्रश्नपत्रों के लिए आवेदन करना है तो पहले यह देखना होगा कि चुने गए दोनों विषयों का संयोजन मान्य है या नहीं।
जेएएम 2027 में कौन-कौन से सात विषय हैं?
जेएएम 2027 के तहत सात विषयों के प्रश्नपत्र आयोजित किए जाएंगे। ये हैं:
- जैव प्रौद्योगिकी
- रसायन विज्ञान
- अर्थशास्त्र
- भूविज्ञान
- गणित
- गणितीय सांख्यिकी
- भौतिकी
अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपने विषय का चयन सावधानी से करना होगा। दो प्रश्नपत्र चुनने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित विषय संयोजन जरूर जांच लेना चाहिए।
जेएएम 2027 की परीक्षा कब होगी?
आईआईटी खड़गपुर 14 फरवरी 2027 को जेएएम 2027 की परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी और देशभर के 114 शहरों में कराई जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी:
| तारीख | समय | प्रश्नपत्र | पाली |
|---|---|---|---|
| 14 फरवरी 2027 | सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक | रसायन विज्ञान, भूविज्ञान, गणित | पहली पाली |
| 14 फरवरी 2027 | दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक | जैव प्रौद्योगिकी, अर्थशास्त्र, गणितीय सांख्यिकी, भौतिकी | दूसरी पाली |
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
आवेदन शुल्क अभ्यर्थी की श्रेणी और चुने गए प्रश्नपत्रों की संख्या के आधार पर अलग-अलग होगा।
| श्रेणी | एक प्रश्नपत्र | दो प्रश्नपत्र |
|---|---|---|
| महिला/एससी/एसटी/दिव्यांग | 1,000 रुपये | 1,350 रुपये |
| अन्य अभ्यर्थी | 2,000 रुपये | 2,700 रुपये |
अभ्यर्थियों को पंजीकरण के दौरान ही निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। केवल विवरण भरने से आवेदन पूरा नहीं माना जाएगा। आवेदन तभी पूरा माना जाएगा, जब जरूरी जानकारी जमा करने के साथ निर्धारित शुल्क का भुगतान भी कर दिया गया हो।
जेएएम 2027 के लिए आवेदन कैसे करें?
अभ्यर्थी नीचे दिए गए आसान चरणों से आवेदन कर सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक जेएएम वेबसाइट jam.iitkgp.ac.in पर जाएं।
- आवेदन करने वाले विकल्प पर क्लिक करें।
- मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जानकारी दर्ज करें।
- एक या दो प्रश्नपत्र का चयन करें।
- अपनी श्रेणी और चुने गए प्रश्नपत्रों के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें।
- आवेदन पत्र जमा करें।
- भविष्य के लिए आवेदन की पुष्टि की एक प्रति सुरक्षित रख लें।
कमेंट
कमेंट X