आईआईटी से मास्टर्स करने का मौका: आगे बढ़ाई गई जैम 2027 की अंतिम तिथि, अब इस तारीख तक जरूर कर दें आवेदन?
IIT JAM 2027: आईआईटी खड़गपुर ने जैम 2027 के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 19 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 14 फरवरी 2027 को होगी। इसके स्कोर से 23 आईआईटी के 89 स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश मिलेगा।
विस्तार
IIT JAM 2027 Registration Last Date: आईआईटी से स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत की खबर है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) खड़गपुर ने जॉइंट एडमिशन टेस्ट फॉर मास्टर्स यानी जैम 2027 के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे अब 19 अक्तूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन जैम ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रोसेसिंग सिस्टम यानी जोप्स (JOAPS) के जरिए करना होगा।
जैम 2027 की परीक्षा कब होगी?
- जैम 2027 की परीक्षा 14 फरवरी 2027 को कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी।
- इस बार परीक्षा का आयोजन आईआईटी खड़गपुर कर रहा है।
- जैम स्कोर के जरिए आईआईटी समेत अन्य भाग लेने वाले संस्थानों के विभिन्न स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश का मौका मिलेगा।
- जैम 2027 की परीक्षा देश के करीब 114 शहरों में आयोजित की जाएगी।
- इस बार विदेश में कोई परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
किन पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश?
जैम 2027 के माध्यम से कई स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है। इनमें शामिल हैं:
- एमएससी
- एमएससी-पीएचडी
- एमएससी-एमटेक
- संयुक्त एमएससी-पीएचडी
- पीएचडी ड्यूल डिग्री
- इंटीग्रेटेड पीएचडी आदि
शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए देश के सभी 23 आईआईटी में 89 स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए जैम स्कोर का इस्तेमाल किया जाएगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन शुल्क उम्मीदवार की श्रेणी और चुने गए टेस्ट पेपर की संख्या के आधार पर अलग-अलग है। उम्मीदवार अधिकतम दो टेस्ट पेपर के लिए आवेदन कर सकते हैं।
| श्रेणी | एक पेपर | दो पेपर |
|---|---|---|
| सामान्य और ओबीसी | 2,000 रुपये | 2,700 रुपये |
| महिला, एससी, एसटी और दिव्यांग | 1,000 रुपये | 1,350 रुपये |
कौन कर सकता है जैम 2027 के लिए आवेदन?
जिन उम्मीदवारों ने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली है या 2027 में अपनी अंतिम वर्ष की स्नातक परीक्षा देने वाले हैं, वे जैम 2027 के लिए आवेदन कर सकते हैं।
हालांकि, प्रवेश के समय संबंधित संस्थान की निर्धारित योग्यता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है। इसके अलावा परीक्षा में शामिल होने के प्रयासों की संख्या पर भी कोई रोक नहीं है।
आवेदन के बाद कब मिलेगा सुधार का मौका?
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 नवंबर 2026 से आंकड़ों में सुधार की सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, जैम 2027 का परिणाम 18 मार्च 2027 को जारी किया जाना प्रस्तावित है।
कमेंट
कमेंट X