CBSE ने दी इन छात्रों को बड़ी राहत, खबर पढ़कर खिल उठेंगे चेहरे
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षा में बड़ी राहत मिली है। बोर्ड ने आदेश जारी किया है कि ऐसे बच्चे अगर चाहें तो अपने जवाब कंप्यूटर पर लिख सकते हैं। इसके अलावा बच्चों को परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए रीडर की सुविधा भी मिलेगी।
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं पांच मार्च से शुरू होने जा रही हैं। इस बार विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। अगर ऐसा बच्चा हाथ से लिखने के बजाए कंप्यूटर में अपना जवाब लिखना चाहे तो यह सुविधा मिल जाएगी। इसके लिए प्रमाणित अधिकारी से विशेष आवश्यकता का प्रमाण पत्र होना जरूरी है।
संबंधित परीक्षा केंद्र पर ऐसे छात्र को आवेदन करना होगा। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय की जांच पड़ताल के बाद सुविधा मिलेगी। बच्चा अपने सभी जवाब कंप्यूटर पर बड़े फोंट में टाइप करके लिखेगा। इसके बाद इसका प्रिंटआउट निकाला जाएगा। हर प्रिंटआउट पर कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक के हस्ताक्षर के अलावा कवर पेज पर बोर्ड परीक्षा की सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
दूसरी ओर, जो छात्र परीक्षा के दौरान प्रश्न पढ़ने के लिए रीडर चाहते हैं, उन्हें यह सुविधा केंद्र पर ही मिल जाएगी। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को बोर्ड ने कक्षा में 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम से राहत दे दी है। ऐसे बच्चे 50 प्रतिशत उपस्थिति पर भी परीक्षा में बैठ सकते हैं, लेकिन इसके लिए क्षेत्रीय कार्यालय की अनुमति जरूरी होगी।
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए कई बड़ी राहत दी गई हैं। जिनके ऐसे बच्चे इस साल बोर्ड परीक्षा में बैठ रहे हैं, वह तत्काल बोर्ड के इस नियम का लाभ ले लें। इसके लिए संबंधित परीक्षा केंद्र पर सभी प्रमाण के साथ आवेदन कर दें।
- रणबीर सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, सीबीएसई देहरादून
कमेंट
कमेंट X