दिल्ली : बेटी से दुष्कर्म का विरोध करने पर किरायेदार की हत्या, गाजीपुर में महिला का मान भंग
आरोप है कि होली के दिन आरोपी ने मृतक की 14 साल की बेटी से दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर बृहस्पतिवार को आरोपी ने परिवार के दो सदस्यों के साथ मिलकर किरायेदार की पिटाई कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शास्त्री पार्क में नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का विरोध करने पर मकान मालिक के बेटे ने किरायेदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि होली के दिन आरोपी ने मृतक की 14 साल की बेटी से दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर बृहस्पतिवार को आरोपी ने परिवार के दो सदस्यों के साथ मिलकर किरायेदार की पिटाई कर दी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मृतक की पत्नी ने अपने बयान में बेटी से दुष्कर्म की बात नहीं बताई है। जांच में यह बाद सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
40 वर्षीय शख्स परिवार के साथ शास्त्री पार्क में किराये पर रहता था। परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटे व एक बेटी है। वह घर के भूतल पर झाड़ फूंक का काम करता था। मृतक की बहन ने बताया कि होली के दिन मकान मालिक के बेटे ने उसकी 14 वर्षीय भतीजी से दुष्कर्म किया था।
आरोपी ने किसी को बताने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार को पीड़िता ने अपने परिवार वालों को घटना के बारे में बताया। इस बात को लेकर पीड़ित परिवार का आरोपी के परिवार से झगड़ा हो गया। आरोप है कि उसी दिन परिवार शास्त्री पार्क थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करने के बजाय लड़ाई झगड़े का मामला दर्ज किया। बृहस्पतिवार सुबह पीड़ित परिवार अपने घर पर था। इसी दौरान मकान मालिक का बेटा अपने भाई व चाचा के साथ आया और किशोरी के पिता की बुरी तरह से पिटाई कर दी।
भीख मांगने वाली महिला से सामूहिक दुष्कर्म
गाजीपुर इलाके में भीख मांगकर गुजारा करने वाली महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला की पिटाई भी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गंभीर अवस्था में घायल पीड़िता को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। उसके बयान पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीमापुरी इलाके में रहने वाली 35 वर्षीय महिला गाजीपुर इलाके में भीख मांगकर अपना गुजारा करती है। 23 मार्च देर शाम पुलिस को गाजीपुर मंडी के पास एक महिला के घायल पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां से उसे सफदरजंग रेफर कर दिया गया। पीड़िता ने बयान में बताया कि दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई की। इससे वह अचेत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं।
महिला ने आरोपियों को पहचानने से इनकार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीम गठित कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है।