दिल्ली: नशे में धुत पिता को लघुशंका से मना करने पर बेटे ने चाकू से किया हमला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास का मामला दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार पिता की तलाश की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सागरपुर इलाके में शराब के नशे में धुत व्यक्ति को घर के बाहर लघुशंका करने से मना करने पर उसके बेटे ने पड़ोसी को चाकू से गोद दिया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास का मामला दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार पिता की तलाश की जा रही है।
मूलत: गांव पुरबावां हरदोई यूपी का रहने वाला अब्दुल कलाम (32) सपरिवार इंद्रा पार्क सागरपुर में किराए पर रहता है। वह पेशे से फल विक्रेता है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि 14 अक्तूबर की रात वह अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान राजीव पार्क इलाके में रहने वाले अंकित गुप्ता का पिता सूचित गुप्ता शराब के नशे में वहां आया। वह अब्दुल कलाम के घर के बाहर लघुशंका करने लगा। यह देखकर अब्दुल कलाम ने उसे मना किया और बताया कि घर में महिलाएं भी हैं।
लघुशंका करने से रोके जाने पर सूचित गुप्ता आग बबूला हो गया और गाली गलौज करने लगा और देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद अब्दुल कलाम घर से गुटखा खरीदने के लिए मदर डेयरी के पास आया। जहां गली में अंकित गुप्ता खड़ा था। अब्दुल कलाम को देखते ही आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। यह देखकर वहां खड़े अब्दुल कलाम के पड़ोसी फूल मोहम्मद और मोहम्मद आबिद ने बीच बचाव के लिए आए। घायल अब्दुल कलाम खुद को बचाने के लिए घर की तरह भागा। अंकित ने उसका पीछा किया और उसकी पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। पीड़ित अचेत होकर वहीं गिर गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।
पड़ोसियों ने तुरंत घायल अब्दुल को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। उस रात वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। अगले दिन पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज किया। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। शनिवार रात पुलिस को अंकित के इलाके में आने की सूचना मिली। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिता को भला बुरा कहने से वह गुस्से में आ गया था और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंकित भी इलाके में फल बेचता है।