प्रदूषण पर दिल्ली सरकार का एक्शन: 9 साल में PM10 में 42 फीसदी की कमी; जल्द तैयार होगा विंटर एक्शन प्लान
दिल्ली के लिए जल्द विंटर एक्शन प्लान तैयार होगा। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को पर्यावरण विभाग और डीपीसीसी के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए।
विस्तार
प्रदूषण के खिलाफ विंटर एक्शन प्लान तैयार करने को लेकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को पर्यावरण विभाग और डीपीसीसी के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के बाद गोपाल राय ने बताया कि सर्दी के मौसम में होने वाले प्रदूषण के खिलाफ विंटर एक्शन प्लान की तैयारी शुरू कर दी है।
9 साल में कम हुआ दिल्ली में प्रदूषण
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा उठाए गए कदम से पिछले नौ सालों में पीएम 10 में 42 प्रतिशत और पीएम 2.5 में 46 प्रतिशत की कमी आई है। इस वर्ष के विंटर एक्शन प्लान में पराली और कूड़ा जलाना, वाहन, धूल प्रदूषण, हॉटस्पॉट, औद्योगिक प्रदूषण, वाररूम व ग्रीन एप को उन्नत बनाना और केंद्र सरकार के साथ पड़ोसी राज्यों से संवाद जैसे फोकस बिंदु मुख्य रूप से शामिल होंगे।
12 सितंबर को विंटर एक्शन प्लान पर मीटिंग
12 सितंबर को दिल्ली सचिवालय में विंटर एक्शन प्लान को लेकर ‘एनवायरमेंटल एक्सपर्ट मीट’ का आयोजन किया जाएगा साथ ही साथ 14 सितंबर को सभी संबंधित 28 विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर, विंटर एक्शन प्लान के लिए निर्धारित फोकस बिंदुओं पर संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जाएगी। विंटर एक्शन प्लान के तहत तात्कालिक और दीर्घकालिक योजना बनाकर उसको लागू किया जाएगा।