प्रदूषण पर गुस्सा: मेसी इवेंट में सीएम रेखा गुप्ता के सामने लगे AQI-AQI के नारे, आप ने कहा- 'देश की फजीहत'
फुटबाल खिलाड़ी लियोनेल मेसी के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक्यूआई-एक्यूआई के नारे सुनने पड़े। वायरल वीडियो के बाद आप ने भाजपा सरकारों पर निशाना साधा। सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई गंभीर स्तर पर रहा और अब प्रदूषण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में प्रदूषण के खतरनाक स्तर के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के स्वागत के दौरान भीड़ के एक हिस्से ने एक्यूआई-एक्यूआई के नारे लगाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार और केंद्र पर गंभीर आरोप लगाए। राजधानी में एयर क्वालिटी लगातार तीसरे दिन गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
बता दें कि सोमवार को दिल्ली के लिए हालात और बिगड़ गए। सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स 498 तक पहुंच गया और शाम तक 427 पर आ गया, जिससे राजधानी लगातार तीसरे दिन गंभीर श्रेणी में बनी रही। घना धुंध और कम दृश्यता के कारण दिल्ली का आसमान धुंध से ढका नजर आया। भीड़ के एक हिस्से द्वारा एक्यूआई-एक्यूआई के नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में गंभीर प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला बोला।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिर करवाई दुनिया के सामने दिल्ली और देश की फ़ज़ीहत—
— AAP (@AamAadmiParty) December 15, 2025
CM रेखा गुप्ता जैसे ही दुनिया के महान Football खिलाड़ी Lionel Messi से मिलने मंच पर पहुँची,
दिल्ली वालों ने नारा लगा दिया— AQI! AQI! pic.twitter.com/t2rJGBOp8E
आम आदमी पार्टी ने साझा किया वीडियो
आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, अंतरराष्ट्रीय शर्मिंदगी, मेसी के लिए जुटी भीड़ ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आते ही एक्यूआई-एक्यूआई के नारे लगाए।आप ने केंद्र और दिल्ली में भाजपा सरकारों पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहरीली हवा से दिल्ली एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्से घुट रहे हैं और हालात आपात स्तर तक पहुंच चुके हैं। भारद्वाज ने कहा, एक ऐसे देश में जहां हर कोई प्रदूषण की बात कर रहा है, प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर पूरी तरह चुप हैं।
गंभीर श्रेणी में वायु गुणवत्ता
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार को दिल्ली के 27 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। वजीरपुर में सबसे खराब एक्यूआई 475 रिकॉर्ड किया गया। उल्लेखनीय है कि सीपीसीबी 500 से ऊपर एक्यूआई दर्ज नहीं करता। घने स्मॉग ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। खराब दृश्यता और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से लोग परेशान दिखे। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि भारी धुंध के कारण यात्रा करना जोखिम भरा हो गया है और लोगों को मास्क जैसी सावधानियां बरतनी पड़ रही हैं। इसी बीच अरुण जेटली स्टेडियम में लियोनेल मेसी जीओएटी इंडिया टूर का समापन शानदार अंदाज में हुआ, जहां हजारों प्रशंसक उस खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए उमड़े, जो मैदान पर अक्सर इंसानी समझ से परे काम करता है।
कार्यक्रम की वजह से ट्रैफिक जाम
वहीं मेसी के आने की वजह से बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर डायवर्जन और आंशिक प्रतिबंध लगाया था। इसके साथ ही दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित थी। इस कारण दोपहर 12 बजे से देर शाम तक कुछ इलाकों में जाम की स्थिति रही। जेएलएन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट, कमला मार्केट राउंडअबाउट तक), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट) और बहादुरशाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से आईटीओ) आदि जगहों पर लंबा जाम देखने को मिला। स्टेडियम के चारों तरफ दोपहर से ही वाहनों लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं।