{"_id":"6219571cd0e1b7536a2aa1eb","slug":"now-you-can-travel-with-national-common-mobility-card-qr-code-and-android-in-delhi-metro","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली मेट्रो की सौगात : अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड-क्यूआर कोड और एंड्रायड से भी कर सकेंगे सफर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली मेट्रो की सौगात : अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड-क्यूआर कोड और एंड्रायड से भी कर सकेंगे सफर
Sat, 26 Feb 2022 05:08 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 26 Feb 2022 05:08 AM IST
सार
एएफसी गेट किए जा रहे हैं अपग्रेड, फेज-4 के तीनों कॉरिडोर पर भी होगी सुविधा। अभी एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर क्यूआर कोड टिकट से कर रहे हैं सफर।
विज्ञापन
दिल्ली मेट्रो
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
अगले साल जून तक यात्रियों को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी), क्यूआर कोड आधारित टिकट, खाता आधारित टिकट, डेबिट कार्ड, एंड्रॉयड मोबाइल के जरिये मेट्रो में सफर का मौका मिल सकेगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से सभी स्वचालित किराया संग्रह (एएफसी) गेट को अपग्रेड किया जा रहा है। वन नेशन वन कार्ड नीति के तहत मेट्रो फेज-4 के तीन कॉरिडोर पर नए एएफसी गेट अपग्रेडेशन के लिए दिल्ली मेट्रो ने मेसर्स रेवेन्यू कलेक्शन सिस्टम (थेल्स), फ्रांस (एसएएस) और मेसर्स पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड के एक कंसोर्टियम के साथ करार किया है।
विज्ञापन
एएफसी गेट के लिए किए करार के बाद मेट्रो यात्रियों को क्यूआर टिकट, खाता आधारित टिकट, नियर फील्ड कम्युनिकेशंस (एनएफसी) के जरिये सफर का मौका मिलेगा। इसके तहत जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम मार्ग, मजलिस पार्क-मौजपुर और तुगलकाबाद -एयरोसिटी) के लिए फेज-4 तहत काम करेगा। फेज-1, 2, 3 के एएफसी गेट के अपग्रेडेशन के लिए यह करार किया गया था। एनसीएमसी और क्यूआर टिकट के लागू होने से यात्रियों को रिटेल खरीदारी के अलावा देशभर में मेट्रो रेल सहित तमाम परिवहन प्रणालियों में निर्बाध यात्रा का मौका मिलेगा।
विज्ञापन
मोबाइल क्यूआर और एनएफसी आधारित टिकट के अलावा यात्री अपने कॉरिडोर पर मेट्रो स्टेशन में प्रवेश या बाहर निकलने के लिए मोबाइल फोन का भी उपयोग कर सकेंगे। फिलहाल नई दिल्ली से द्वारका सेक्टर-21 (6 स्टेशनों) के बीच एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के स्टेशनों पर एनसीएमसी और क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध है। शेष सभी मेट्रो कॉरिडोर पर भी अगले साल जून तक एनसीएमसी और क्यूआर कोड के मुताबिक एएफसी सिस्टम से लैस किया जाएगा।
विज्ञापन
एक ही कार्ड से अपना सकेंगे तमाम परिवहन विकल्प
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. मंगू सिंह ने कहा कि क्यू आर टिकट (पेपर और मोबाइल क्यूआर), एकाउंट बेस्ट टिकट और एनएफसी मीडिया से देश में कैशलेस गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे यात्रियों को सभी सार्वजनिक परिवहन तक यात्रियों को एकीकृत सुविधा मिलेगी। अब यात्रियों को अलग-अलग यात्रा के लिए एक से अधिक टिकट या कार्ड खरीदने की जरूरत नहीं होगी। इसके बाद दिल्ली मेट्रो का नाम दुनिया के अग्रणी देशों में शुमार हो जाएगा। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को यात्रा में सहूलियत के साथ गतिशीलता के नए युग की भी शुरुआत होगी।
इस मौके पर राजस्व संग्रह प्रणाली (थेल्स) के उपाध्यक्ष जीन मार्क रेनॉड ने कहा कि इस अनुबंध के तहत डीएमआरसी के साथ 20 साल लंबी साझेदारी और सुदृढ़ होगी। इससे हमें खुशी है और पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ हाथ मिलाया है।
पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड के चीफ बिजनेस ऑफिसर सजल भटनागर ने कहा कि हमें दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और रेवेन्यू कलेक्शन सिस्टम्स (थेल्स), फ्रांस एसएएस के साथ साझेदारी करने पर गर्व है। इससे एनसीआर के लाखों यात्रियों को निर्बाध और संपर्क रहित (कांटेक्टलेस) टिकट से मेट्रो में सफर का मौका मिलेगा। एनसीएमसी कार्ड की शुरुआत के बाद स्मार्ट मोबिलिटी सॉल्यूशंस के साथ देश में सार्वजनिक परिवहन को और सुलभ बनाया जाएगा।