{"_id":"61d5fe6d3b3e4b752974005b","slug":"now-the-delhi-government-is-preparing-to-build-its-new-secretariat-ashram-news-noi625355970","type":"story","status":"publish","title_hn":"नया दफ्तर : अब दिल्ली सरकार ने अपना नया सचिवालय बनाने की तैयारी की, आईटीओ में होगा निर्माण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नया दफ्तर : अब दिल्ली सरकार ने अपना नया सचिवालय बनाने की तैयारी की, आईटीओ में होगा निर्माण
Thu, 06 Jan 2022 06:36 AM IST
नोएडा ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: नोएडा ब्यूरो
Updated Thu, 06 Jan 2022 06:36 AM IST
सार
करीब 30 मंजिली इन इमारतों में मुख्यमंत्री एवं समस्त मंत्रियों और अधिकारियों के कार्यालय होंगे। इन्हें बनाने पर करीब दो हजार करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है।
विज्ञापन
दिल्ली सचिवालय
विस्तार
केंद्र सरकार के बाद अब दिल्ली सरकार ने अपना नया सचिवालय बनाने का निर्णय लिया है। वह आईटीओ इलाके में दो बहुमंजिली और पर्यावरण के अनुकूल इमारत बनाने की योजना बना रही है। करीब 30 मंजिली इन इमारतों में मुख्यमंत्री एवं समस्त मंत्रियों और अधिकारियों के कार्यालय होंगे। इन्हें बनाने पर करीब दो हजार करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार दोनों इमारतों का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की देखरेख में होगा। इस परियोजना के लिए सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद ये इमारतें बनाने की कार्यवाही शुरू होगी। परियोजना के तहत आईटीओ के पास तीन भूखंडों पर इमारतें बनाई जाएंगी। एक इमारत विकास भवन-एक के भूखंड पर बनाने की योजना है।
विज्ञापन
दूसरी इमारत पीडब्ल्यूडी मुख्यालय और जीएसटी बिल्डिंग के भूखंडों पर बनाई जाएगी। इन तीनों स्थानों पर बनी इमारतों को गिराकर पर्यावरण के अनुकूल इमारतें बनाई जाएंगी। इन तीनों स्थानों पर करीब 50 हजार वर्गमीटर भूमि है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि दोनों इमारतें बनाने की परियोजना को दो चरणों में पांच साल में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में विकास भवन-एक प्लॉट पर इमारत का निर्माण किया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में पीडब्ल्यूडी मुख्यालय और जीएसटी बिल्डिंग के भूखंड पर इमारत बनाई जाएगी। ये इमारतों में करीब 30-30 मंजिलें होंगी। इनकी संरचना और डिजाइन आधुनिक होगा।
नए कार्यालय परिसर के लिए विस्तृत डिजाइन तैयार करने के लिए सलाहकार की नियुक्ति करेगी। मास्टर प्लान के अनुसार फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) के अधिकतम उपयोग पर भी काम करेगा।
आईटीओ क्षेत्र में बनाई जाने वाली इमारतें हरित इमारतें होगी और सौर ऊर्जा, सब-स्टेशन, सीसीटीवी, वाईफाई और लैन (लोकल एरिया नेटवर्क) सुविधा से लैस होंगे। इनमें स्मार्ट पार्किंग सिस्टम, व्यायामशाला, कैफेटेरिया, छोटे सुपर मार्केट, फूड कोर्ट, लाइब्रेरी, एस्केलेटर, विकलांगों के अनुकूल लिफ्ट जैसी सुविधाएं भी होंगी। इन इमारतों में सम्मेलनों, संगोष्ठियों आदि के लिए आधुनिक कनेक्टिविटी के साथ सम्मेलन कक्ष और सभागार भी होंगे।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कुछ माह पहले विकास भवन-एक के भूखंड का मुआयना किया था। विकास भवन-एक में खाद्य और आपूर्ति और उत्पाद शुल्क के कार्यालय हैं। इस इमारत में छह-सात मंजिलें हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के पास दिल्ली सचिवालय में हैं। दिल्ली सचिवालय को प्लेयर्स बिल्डिंग के रूप में भी जाना जाता है। यह बिल्डिंग वर्ष 1982 के एशियाई खेलों के लिए एक होटल के रूप में बनाई गई थी।