{"_id":"621666cc13853b3180107596","slug":"new-delhi-metro-app-launched-by-dmrc-managing-director-dr-mangri-singh","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली मेट्रो: सफर में नींद से जगाएगा एप, एक स्टेशन पहले देगा अलर्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली मेट्रो: सफर में नींद से जगाएगा एप, एक स्टेशन पहले देगा अलर्ट
Wed, 23 Feb 2022 10:31 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Wed, 23 Feb 2022 10:31 PM IST
सार
अगर मेट्रो में सफर के दौरान यात्रियों के साथ छेड़छाड़, चोरी या कोई और घटना होती है तो इसके लिए हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के संबंधित थानों की जानकारी भी होगी। अगर, अधिक जरूरी हो तो ई शिकायतें दी जा सकेंगी।
विज्ञापन
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. मंगृ सिंह
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली मेट्रो में यात्रियों को सफर में किसी तरह की चिंता नहीं सताएगी। स्टेशन, मेट्रो रिचार्ज, दिल्ली के 30 पर्यटक स्थलों के नजदीकी मेट्रो स्टेशन, सभी लाइन पर पहली और आखिरी मेट्रो, मेट्रो स्टेशनों पर बंद-खुले रहने वाले गेट, शौचालय, एटीएम, दुकानें, परिवहन सुविधाओं सहित नजदीकी मेट्रो स्टेशन सहित तमाम जानकारी दिल्ली मेट्रो की नई वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। वहीं, मोबाइल एप पर भी यात्रियों को एक स्टेशन पहले ही अलर्ट मिल जाएगा। इसके लिए बस जीपीएस चालू रखना होगा। मेट्रो की मोबाइल एप के जरिये आप किसी भी लाइन पर मेट्रो में गंतव्य स्टेशन का नाम फीड कर चैन की नींद ले सकते हैं।
विज्ञापन
बुधवार को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक डॉ. मंगृ सिंह ने नवीनीकृत एप और वेबसाइट को लॉन्च किया है। दावा किया जा रहा है कि यह लंदन, मैड्रिड, हांगकांग मेट्रो की तर्ज पर उनसे और अधिक खूबियों से युक्त है।
विज्ञापन
इस मौके पर डीएमआरसी प्रबंध निदेशक ने कहा कि यात्री सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में यह एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों को इंटरएक्टिव रूट मैप, एडवांस स्टेशन सर्च ऑप्शन सहित दूसरी विशेषताएं हैं। इस वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन को वायरस अटैक से सुरक्षा देने के लिए सभी प्रावधान किए गए हैं। दिल्ली मेट्रो की बेबसाइट https://www.delhimetrorail.com/ और डीएमआरसी एप पर हिंदी और अंग्रेजी में यात्रियों के लिए अहम जानकारियां दी गई हैं।
विज्ञापन
इंटरएक्टिव मैप के माध्यम से यात्रा प्लान
वेबसाइट और मोबाइल एप पर यात्रियों के लिए इंटरएक्टिव मैप के जरिये यात्रा की सुविधा है। इससे न केवल नजदीकी रूट बल्कि इंटरचेंज की भी जानकारी मिल सकेगी। दूसरे शहरों से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को भी मेट्रो में गंतव्य स्टेशन की जानकारी देने के बाद सभी जानकारी हासिल करने की भी सुविधा है।
अपना स्टेशन जानें
डीएमआरसी की वेबसाइट पर यात्रियों के लिए सभी स्टेशनों का ब्यौरा होगा। मैप पर स्टेशन का लोकेशन, लिफ्ट, एस्केलेटर की उपलब्धता और महत्वपूर्ण नजदीकी स्थान और स्टेशनों की भी जानकारी होगी। स्टेशन पर टॉयलेट, दुकान, एटीएम सहित तमाम जानकारियां क्विक सर्च से हासिल की जा सकेंगी।
यात्रा गाइड
पर्यटकों और आगंतुकों के लिए टूर गाइड की अनूठी विशेषता है। टूर गाइड में एतिहासिक स्थल, ट्रांसपोर्ट हब, रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों एवं आईएसबीटी की जानकारी है। इसमें प्लान योर जर्नी (अपनी यात्रा की योजना बनाएं) फीचर भी दिया गया है ताकि यात्री किसी स्थान विशेष से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के नजदीकी मेट्रो स्टेशन के रूट की जानकारी ले सकें। दिल्ली के 30 दर्शनीय स्थलों तक पहुंचने के लिए मेट्रो और इससे आगे के लिए अंतिम छोर की सुविधा की भी जानकारी मिलेगी।
खुले-बंद गेट की भी जानकारी
कोविड महामारी के दौरान मेट्रो स्टेशनों के खुले और बंद रहने वाले गेट की भी जानकारी एप पर है। इससे यात्रियों को अपनी सुविधा के मुताबिक यात्रा का मौका मिल सकेगा। मेट्रो की नई वेबसाइट और एप से मिलने वाली सुविधाओं से यात्रियों को सोशल मीडिया पर मिलने वाली तमाम जानकारियां वेबसाइट और एप पर ही उपलब्ध होंगी। मेट्रो में सफर पर जाने के लिए एक एंड्रॉयड या एपल फोन रखना होगा, इसके बाद आप अपनी जरूरत के मुताबिक इनका इस्तेमाल कर सकेंगे।
पुलिस को दे सकेंगे शिकायत
अगर मेट्रो में सफर के दौरान यात्रियों के साथ छेड़छाड़, चोरी या कोई और घटना होती है तो इसके लिए हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के संबंधित थानों की जानकारी भी होगी। अगर, अधिक जरूरी हो तो ई शिकायतें दी जा सकेंगी। इसी आधार पर अपराध में लिप्त लोगों पर ई एफआईआर की भी सुविधा होगी।