Delhi: अवैध संबंध में बाधक बने पति की करवाई हत्या, मायके से रची साजिश, आरोपी महिला आशिक के साथ गिरफ्तार
आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि मृतक की पत्नी और उसके बीच पिछले चार साल से दोस्ती थी। दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए।
विस्तार
राजधानी दिल्ली के बाबा हरिदास नगर इलाके में एक महिला ने अवैध संबंध में बाधक बने अपने पति की प्रेमी से हत्या करवा दी। आरोपी प्रेमी ने घर में घुसकर महिला के पति की गला रेतकर हत्या कर दी। छानबीन में आरोपी के घर आने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसे पकड़ कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि महिला ने पति की हत्या की साजिश रची थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है।
45 वर्षीय मृतक गोपाल नगर नजफगढ़ में रहता था। वह एक स्कूल में सफाई का काम करता था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 19 मार्च की दोपहर पुलिस को गोपाल नगर में हत्या किए जाने की जानकारी मिली। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। मौके पर छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से कुछ दिन पहले उसकी पत्नी बच्चों के साथ सोनीपत स्थित मायके गई थी।
दोपहर में घर वापस आने पर महिला ने कमरे में पति को मृत अवस्था में देखा। पुलिस को पता चला कि घटना से पहले मृतक का एक परिचित घर आया था। घर आने वालों की जानकारी हासिल करने पर न्यू अनाज मंडी नजफगढ़ निवासी 33 वर्षीय आरोपी के घर आने की जानकारी मिली। वह भी एक सरकारी स्कूल में सफाई कर्मी है। पुलिस ने घर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि मृतक की पत्नी और उसके बीच पिछले चार साल से दोस्ती थी। दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। कुछ दिन पहले मृतक को इन संबंधों की जानकारी मिली। उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। मृतक अपनी पत्नी को उसके मायके भेज दिया। आरोपी ने बताया कि महिला मायके से फोन पर उसके संपर्क में थी और वहीं से अपने पति की हत्या की साजिश रची। आरोपी अकेले पाकर मृतक के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने महिला को भी गिरफ्तार कर लिया।