नई दिल्ली। सिखों के आठवेें गुरु हरकिशन साहिब की जयंती पर शुक्रवार को दिल्ली के सभी गुरुद्वारों में गुरु पर्व मनाया गया। इस दौरान गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं के लिए लंगर आयोजित किए गए।
गुरु हरकिशन साहिब की याद में बनाए गए बंगला साहिब गुरुद्वारे में दिल्ली का सबसे बड़ा उत्सव आयोजित किया गया। गुरु हरकिशन सिखों के आठवें गुरु थे और उन्होंने दिल्ली के लोगों को डायरिया और चेचक की बीमारी से बचाया था। बंगला साहिब गुरुद्वारे के स्थान पर पूर्व में अमजेर के राजा जयसिंह का बंगला था। राजा जयसिंह ने ही यहां पर बंगला साहिब गुरुद्वारे की नींव रखी थी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ कीर्तन किए। इसके अलावा गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब, गुरुद्वारा सीसगंज साहिब, गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब, गुरुद्वारा दमदमा साहिब, गुरुद्वार मोती बाग साहिब, गुरुद्वारा माता सुंदरी साहिब और गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर साहिब सहित दिल्ली में करीब 500 स्थानों पर गुरु पर्व मनाया गया।