गांधीनगर में बच्ची के साथ दुष्कर्म, दिल्ली सरकार ने दिए जांच के आदेश, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांधीनगर के सुभाष मोहल्ला स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में दिल्ली सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। सरकार ने तीन दिन के भीतर पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को अफसोजनक बताया है।
केजरीवाल ने कहा कि इस तरह के मामले सभ्य समाज में बर्दाश्त नहीं किए जा सकते। पुलिस अपना काम कर रही है। वहीं, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सरकार जल्द ही बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक प्रोटोकाल जारी करेगी। मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि मामले में विवेक विहार के एसडीएम मजिस्ट्रेट जांच कर रहे हैं। उन्हें तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
दूसरी तरफ विधायक अनिल वाजपेयी का आरोप है कि चाचा नेहरू अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले में लापरवाही बरती है। गायनी वार्ड न होने के बावजूद शाम करीब 4:30 बजे बच्ची को भर्ती कर लिया गया। फिर काफी दबाव डालने पर रात 10 बजे के करीब एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया। बच्ची को इस दौरान एंबुलेंस तक मुहैया नहीं कराई गई। परिजन मोटरसाइकिल पर बच्ची को लेकर गए। उन्होंने इस मामले की शिकायत महिला व बाल विकास आयोग में की है।
स्कूल में नहीं लगे हैं सीसीटीवी कैमरे
गांधी नगर इलाके में मासूम के साथ दरिंदगी मामले में छानबीन कर रही पुलिस की टीम को पता चला है कि टैगोर स्कूल में सीसीटीवी कैमरे मौजूद ही नहीं हैं। बच्ची ने स्कूल में आरोपी की खाली पहचान बताई थी, जिसके बाद उसे शनिवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात के समय आरोपी अपने घर पर शराब पीते हुए टीवी देख रहा था। गिरफ्तारी के समय वह नशे में धुत भी था। हालांकि, कुछ लोग स्कूल में एक-दो जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने की बात कर रहे हैं।
परिजन बता रहे विकास को निर्दोष
विकास का परिवार उसे निर्दोष बता रहा है। वहीं विकास का कहना है कि पता नहीं बच्ची उसका नाम क्यों ले रही है। झारखंड का रहने वाला विकास पिछले 12-13 साल से दिल्ली में रह रहा है। इसके परिवार में एक बेटा है जो झारखंड स्थित गांव में रहता है।
इसके अलावा पत्नी व 15 साल की एक बेटी है। वह पास के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी पहले गांधी नगर थाने के सामने कपिल सिब्बल पब्लिक स्कूल में रिक्शा चलाता था। इसके बाद उसने कई साल हैप्पी पब्लिक स्कूल में नौकरी किया। पिछले करीब तीन साल से वह टैगोर स्कूल में नौकरी कर रहा था।
दिल्ली महिला आयोग ने स्कूल से मांगा जवाब
गांधी नगर के एक स्कूल में पांच साल की बच्ची के साध हुए दुष्कर्म मामले में दिल्ली महिला आयोग ने नोटिस जारी कर स्कूल से जवाब मांगा है। इसमें स्कूल से 13 सितंबर दोपहर तीन बजे तक रिपोर्ट देने के लिए निर्देश दिया गया है।
महिला आयोग अध्यक्ष स्वाती मालिवाल ने कहा है कि महिला आयोग की एक टीम पीड़ित बच्ची की हरसंभव मदद भी कर रही है। नोटिस में स्कूल से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी गई है। इसके अलावा स्कूल में कार्यरत सभी कर्मचारियों की भी डिटेल मांगी गई है।