डीयू दाखिला: विदेशी छात्रों के दाखिले की आवेदन प्रक्रिया शुरू, स्नातक कोर्सेज के लिए अंतिम तिथि 31 मई
विभिन्न कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन दाखिला पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। सभी प्रोग्राम में आवेदन करने की अंतिम तिथि अलग-अलग है। आवेदन शेड्यूल को डीयू फॉरेन स्टूडेंट रजिस्ट्ररी पर उपलब्ध कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय में विदेशी विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2022-23 में यूजी-पीजी, एमफिल,पीएचडी, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विदेशी विद्यार्थियों के लिए इन पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन पंजीकरण दाखिला पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। बीते साल की तरह इस साल भी आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय में इस बार अफगानिस्तान से छात्र दाखिले के लिए नहीं आएंगे।
विभिन्न कोर्सेज (यूजी-पीजी, एमएमफिल-पीएचडी) में दाखिले के लिए आवेदन दाखिला पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। सभी प्रोग्राम में आवेदन करने की अंतिम तिथि अलग-अलग है। आवेदन शेड्यूल को डीयू फॉरेन स्टूडेंट रजिस्ट्ररी पर उपलब्ध कर दिया गया है।
डीयू में फॉरेन स्टूडेंट (डिप्टी डीन) प्रो. अमरजीव लोचन ने बताया कि स्नातक कोर्सेज (यूजी) में आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई है। जबकि एमबीए को छोड़कर अन्य सभी स्नातकोत्तर कोर्सेज (पीजी) में 29 जून तक आवेदन किया जा सकता है। वहीं मॉस्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन व मैनेजमेंट स्टडीज में पीएचडी में आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 अप्रैल है।
सामान्य पीएचडी के लिए आवेदन 20 जुलाई तक किया जा सकता है। इस बार से एमफिल को समाप्त कर दिया गया है इसलिए एमफिल में आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। एक साल के सर्टिफिकेट, डिप्लोमा व एडवांस डिप्लोमा में आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त तय की गई है। ऐसे विद्यार्थी जो स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के यूजी व पीजी कोर्सेज में दाखिला चाहते हैं, वह 15 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। डॉ. लोचन ने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। इस बार प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दाखिले से जुड़ी अधिक जानकारी डीयू के फॉरेन स्टूडेंट रजिस्ट्ररी की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
डीयू में विदेशी छात्रों का होता है पांच फीसदी कोटा
उल्लेखनीय है कि डीयू में विदेशी छात्रों का पांच फीसदी कोटा होता है। हर साल यहां नेपाल, भूटान, अफगानिस्तान, नाइजीरिया, सूडान, ईराक, इथोपिया, कोरिया, रूस, कजाकिस्तान, ब्रिटेन, स्पेन, जर्मनी, कनाडा, ब्रिटेन, बांग्लादेश समेत अन्य देशों से आवेदक यहां आवेदन करते हैं।
अफगानिस्तान से छात्र नहीं आ पाएंगे
डीयू में अफगानिस्तान से बड़ी संख्या में दाखिले की चाह में आवेदन करते हैं। लेकिन इस बार अफगानिस्तान से छात्र यहां नहीं आ पाएंगे। डॉ. लोचन ने बताया कि इसका कारण यह है कि यहां आने के लिए फ्लाइट उपलब्ध नही है। मालूम हो कि तालिबान ने बीते साल अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया था।