सुविधा : डीएमआरसी कल से चलाएगा इलेक्ट्रिक फीडर बसें, नहीं होंगे कंडक्टर
- फिलहाल दो स्थानों पर 25 बसों के साथ शुरू होगा ट्रायल, अक्तूबर अंत तक संख्या की जाएगी गी 100
- शास्त्री पार्क और मजलिस पार्क डीटीसी डिपो में होंगी खड़ी, निगरानी के लिए बनाया गया है ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी के विभिन्न स्थानों से मेट्रो स्टेशन जाने वाले लोगों को 12 अगस्त से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इलेक्ट्रिक फीडर बसें उपलब्ध होंगे। इनमें किराये का भुगतान नकदी नहीं, बल्कि मेट्रो या डीटीसी के स्मार्ट कार्ड से होगा। पूरी तरह कांटेक्टलेस इन फीडर बसो में टिकट देने के लिए कंडक्टर भी नहीं होंगे। प्रायोगिक तौर पर बृहस्पतिवार से दो रूट पर इनका संचालन शुरू होगा। पहले चरण में 24 सीटों वाली 25 बसें चलाई जा रही हैं। अक्तूबर के अंत तक इनकी संख्या 100 करने की योजना है।
दिल्ली में पहली बार चलाई जा रही इन लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने वाले यात्री केवल मेट्रो स्टेशन पर ही उतर सकेंगे। रास्ते में आने वाले तय किए गए स्टॉप पर ही ये बसें रुकेंगी। अन्य स्टॉपेज से यात्री नहीं चढ़ सकेंगे। रास्ते में बसें जहां रुकेंगी, वहां से केवल चढ़ने की अनुमति होगी। ट्रायल की कामयाबी के बाद अक्तूबर तक बसों की संख्या 100 हो जाएगी।
ये 10 रूट के 14 मेट्रो स्टेशनों को कवर करेंगी। बस से उतरने के लिए यात्री को घूमने वाले दरवाजे पर अपने स्मार्ट कार्ड का ही इस्तेमाल करना होगा। मेट्रो के स्मार्ट कार्ड डीटीसी की बसों में पहले ही इस्तेमाल किए जा रहे हैं। यात्री इनमें आगे वाले दरवाजे से चढ़ेंगे और पीछे वाले से उतरेंगे।
विशेष रूप से डिजाइन की गई इन बसों में इंटेलीजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। इनमें सीसीटीवी और जीपीएस जैसी सुविधाएं भी होंगी। ये एंटी स्किड और एंटी ब्रेक लॉकिंग सिस्टम से भी लैस होंगी। जब तक सभी दरवाजे बंद न हों, ये नहीं चलेंगी। किसी भी तरह का अवरोध आने पर दरवाजे बंद नहीं होंगे।
किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए इनमें पैनिक बटन और स्टॉप रिक्वेस्ट बटन का भी इंतजाम है। इन्हें शास्त्री पार्क और मजलिस पार्क डिपो में खड़ा किया जाएगा। इन बसों की मॉनिटरिंग के लिए एक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर भी बनाया गया है। यहीं मरम्मत भी हो सकेगी। यहां बसों को चार्ज करने के लिए 2.5 मेगावाट का इलेक्ट्रिक कनेक्शन भी होगा। नियमित सफाई के लिए दोनों डिपो में स्वचालित वाश प्लांट होगा।
इन दो रूट से शुरुआत
- एमसी-721 : शास्त्री पार्क से गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन वाया खजूरी चौक (10.3 किलोमीटर)
- शास्त्री पार्क, न्यू उस्मानपुर, नयागांव गांव, जगजीत नगर, करतार नगर, गामरी गांव, अरविंद नगर, घोंडा, भजनपुरा, चांद बाग, यमुना नगर, न्यू मुस्तफाबाद, गोकुलपुरी
- एमएल-05 : शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन से मदर डेयरी (7.7 किलोमीटर)
- शास्त्री पार्क स्टेशन गेट नंबर-1, मेट्रो फीडर बस डिपो, कैलाश नगर, गांधी नगर, श्मशान घाट, गीता कॉलोनी, बैंक एन्क्लेव, रमेश पार्क, ललिता पार्क, लक्ष्मी नगर एमएस, शकरपुर स्कूल ब्लॉक, गणेश नगर, मदर डेयरी।
किराया
- 4 किलोमीटर तक 10 रुपये
- 4-8 किलोमीटर 15 रुपये
- 8-12 किलोमीटर 20 रुपये
- इससे ज्यादा 25 रुपये
व्हील चेयर के रैंप की भी सुविधा होगी उपलब्ध
दिव्यांगजनों और बुजुर्ग यात्रियों के लिए व्हील चेयर के रैंप की भी सुविधा होगी। आपात स्थिति के लिए पैनिक बटन और स्टॉप रिक्वेस्ट बटन भी होंगे।