दिल्ली: खजूरी खास में युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क पर एक घंटा खून से लथपथ पड़ा रहा पीड़ित, किसी राहगीर ने पुलिस को नहीं दी सूचना
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से यूपी में बुलंदशहर के सियाना का रहने वाला सुहैल अपनी मौसी के घर बी-ब्लॉक, श्रीराम कालोनी, खजूरी खास में रहता था। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद वह टहलने गया था तभी अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शुक्रवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ युवक करीब एक घंटा सड़क पर पड़ा रहा। किसी ने पुलिस को खबर देने की जहमत नहीं उठाई। बीट स्टाफ को खबर मिली तो उसने पुलिस थाने में सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस युवक को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की पहचान सुहैल (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। छानबीन के बाद पुलिस ने एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश समेत तमाम दृष्टिकोणों से मामले की जांच कर रही है। खजूरी खास थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से यूपी में बुलंदशहर के सियाना का रहने वाला सुहैल अपनी मौसी के घर बी-ब्लॉक, श्रीराम कालोनी, खजूरी खास में रहता था। सुहैल यहां रहकर गारमेंट की एक फैक्टरी में सिलाई का काम करता था। इसकरे परिवार में पिता यूनुस खान व बाकी सदस्य हैं। शुक्रवार रात को वह खाना खाकर टहलने की बात कर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
करीब 9.30 बजे गली नंबर-21, श्रीराम कालोनी में बदमाशों ने उसके सीने में गोली मार दी और फरार हो गए। वह खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा। राहगीर वहां उसे देखकर गुजरते रहे। लेकिन किसी ने न तो पुलिस को खबर दी और न ही उसे अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान किसी ने बीट कांस्टेबल राजकुमार को खबर दी। वह मौके पर पहुंचा।
उसने करीब 10.40 बजे थाने के स्टाफ को खबर दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सुहैल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सुहैल की हत्या किसने और क्यों की, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस उसके दोस्तों व घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।