{"_id":"60ead1548ebc3ebc7846eb32","slug":"delhi-shoe-godown-fire-case-co-owner-of-building-arrested","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: जूता गोदाम आग मामला में भवन की सह-मालकिन गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: जूता गोदाम आग मामला में भवन की सह-मालकिन गिरफ्तार
Sun, 11 Jul 2021 04:39 PM IST
Vikas Kumar
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Sun, 11 Jul 2021 04:39 PM IST
सार
पिछले महीने 21 जून को भवन में आग लग गयी थी, जहां जूतों के हिस्सों को जोड़कर उन्हें बिक्री के लिए पैक किया जाता था। आग को बुझाने के लिए दमकल की 35 गाड़ियों और करीब 140 दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया था। पुलिस के अनुसार जूता गोदाम में काम करने वाले छह कर्मी कथित रूप से लापता हैं।
विज्ञापन
जूता फैक्टरी में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पश्चिम दिल्ली के उद्योग नगर में पिछले महीने दो मंजिला जूते के गोदाम में आग लगने के मामले में भवन के मालिकों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि पश्चिम विहार (पश्चिम) क्षेत्र से गुरुवार को सुरभि गर्ग को गिरफ्तार किया गया। वह न्यायिक हिरासत में हैं जबकि उनके पति पंकज गर्ग जो जूते के कारोबारी और भवन के सह-मालिक हैं, वह घटना के बाद से फरार हैं।
विज्ञापन
पिछले महीने 21 जून को भवन में आग लग गयी थी, जहां जूतों के हिस्सों को जोड़कर उन्हें बिक्री के लिए पैक किया जाता था। आग को बुझाने के लिए दमकल की 35 गाड़ियों और करीब 140 दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया था। पुलिस के अनुसार जूता गोदाम में काम करने वाले छह कर्मी कथित रूप से लापता हैं।
विज्ञापन
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच में यह पता चला है कि पंकज का परिवार इस भवन से चार कंपनियां चलाता था जिसका वह और उसकी पत्नी सुरभि मालिक थे। उन्होंने बताया कि इन कंपनियों में से एक में सुरभि भागीदार भी है और एक अन्य कंपनी की एकलौती मालकिन है।
उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर सुरभि को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया और बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उसके पति को गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।
अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने गोदाम से मानव अवशेष एकत्र किए हैं। लापता बताए जा रहे छह कर्मियों के परिवार के सदस्यों का डीएनए नमूना ले लिया गया है और उसे मानव अवशेषों के डीएनए से मिलान करने के लिए भेजा गया है।
पूर्व में पुलिस ने कहा था कि भवन से चार कर्मियों को सुरक्षित निकाला गया है। बाद में उन्होंने कहा कि ऐसी आशंका है कि आग भवन के पहले मंजिल से लगी और बाद में अन्य मंजिल तक फैल गयी।